Punjab : जिम ट्रेनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस जैसी वर्दी में पहुंचे हमलावर!

punjabkesari.in Sunday, Jul 12, 2026 - 10:31 AM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र): शहर के एस.एस.टी. नगर में शनिवार को दिन-दिहाड़े जिम ट्रेनर सिमर भटनागर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में सिमर भटनागर बाल-बाल बच गए, जबकि एक गोली उनकी कार में जाकर धंस गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना लाहौरी गेट के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर सौरव सभरवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ करने के साथ-साथ आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज और अन्य सभी संभावित पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

इंस्पैक्टर सौरव सभ्रवाल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (इरादा कत्ल) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में दहशत फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दूसरी ओर, सिमर भटनागर ने बताया कि वह जिम से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मड़ियां वाला रोड से एस.एस.टी. नगर की ओर मुड़े, एक सफेद रंग की पुरानी मॉडल की फॉर्च्यूनर ने उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया।

सिमर के अनुसार फॉर्च्यूनर में तीन लोग सवार थे। इनमें से 2 ने पुलिस जैसी वर्दी पहन रखी थी, जबकि तीसरा व्यक्ति सफारी सूट में था। उनका आरोप है कि आरोपियों ने पहले 2-3 हवाई फायर किए। इसके बाद वे गाड़ी से उतरकर आपस में यह कहते सुनाई दिए, ‘अरे, यह तो कोई और है।’ इसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए।

सिमर भटनागर ने कहा कि उनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी या पुरानी रंजिश नहीं है। वह एक जिम में कोच के रूप में कार्यरत हैं और साथ ही एक मेडिकल कंपनी में भी नौकरी करते हैं। सिमर के पिता नरेश कुमार ने बताया कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं है और न ही परिवार का कोई पुलिस मामला चल रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

कुछ दिन पहले प्रो. सुमेर सिंह सीड़ा पर भी हुई थी फायरिंग

कुछ दिन पहले पटियाला के समाजसेवी और प्रोफैसर सुमेर सिंह सीड़ा पर भी फायरिंग की घटना हुई थी। हालांकि उन पर हमला खन्ना के पास हाईवे पर हुआ था, लेकिन घर पहुंचने के बाद उनसे फोन पर फिरौती भी मांगी गई थी। उस मामले में भी पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर में भय का माहौल बना हुआ है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News