पंजाब चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा दांव, बड़े सिख चेहरे हरजीत सिंह ग्रेवाल को मिली अहम जिम्मेदारी

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 04:29 PM (IST)

चंडीगढ़: केंद्र सरकार ने पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के प्रमुख सिख चेहरों में शामिल हरजीत सिंह ग्रेवाल को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए की गई है। उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब पंजाब में विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज हो रही हैं। राजनीतिक जानकार इसे भाजपा की सिख समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देख रहे हैं।

हरजीत ग्रेवाल लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार के समर्थन में खुलकर बयान देने के कारण पंजाब से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चर्चा में रहे थे। इसके बाद उनकी पहचान भाजपा के प्रमुख सिख नेताओं में और मजबूत हुई।

नियुक्ति के बाद मीडिया से बातचीत में हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले भी विभिन्न पदों पर काम करने का अनुभव है और अब भी वे पूरी लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

हरजीत सिंह ग्रेवाल मूल रूप से पंजाब के पटियाला जिले के रहने वाले हैं। वहीं, केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग में एस. मुनव्वरी बेगम को उपाध्यक्ष तथा ग्लेन ई. सूज़ा टिकलो को सदस्य नियुक्त किया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila