मुख्यमंत्री की नाकामी का नतीजा है सौ करोड़ GST चोरी घोटाला: AAP

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2020 - 10:08 PM (IST)

चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई ने आबकारी एवं कराधान विभाग में हुए सौ करोड़ रुपए के चोरी घोटाले के लिए मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह की कार्यप्रणाली को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि सरकार की गलत नीतियों के कारण भ्रष्टाचार और माफिया राज का बोलबाला है। प्रतिपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां कहा कि टैक्स व एक्साइज विभाग मुख्यमंत्री के पास है। इसी तरह विजीलैंस ब्यूरो भी बतौर गृह मंत्री अमरेन्द्र सिंह के अधीन है। 

विजीलैंस ब्यूरो की जांच और मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक टैक्स व एक्साइज विभाग के अफसर-कर्मचारी ट्रांसपोटर्रों/व्यापारियों से प्रति महीना 30 हजार से लेकर 2.5 लाख तक की रिश्वत लेकर जीएसटी चोरी में प्रदेश के खजाने को वार्षिक 100 करोड़ रुपए का चूना लगा रहे हैं। उनके अनुसार सवाल यह है कि इतने बड़े स्तर पर सक्रिय ऐसा जीएसटी माफिया मुख्यमंत्री की प्रत्यक्ष या परोक्ष सहमति या भागीदारी के बना कैसे संभव है। उच्च न्यायालय के जजों की निगरानी में उच्च स्तरीय और समयबद्ध न्यायिक जांच का मामला बनता है।

चीमा ने पंजाब विजीलैंस ब्यूरो की तरफ से इस मामले की की जा रही जांच पर असंतोष जताते हुए कहा कि पिछले लम्बे अरसे से विजीलैंस ब्यूरो खुद माफिया की तर्ज पर काम कर रहा है। पीएसआईईसी में हुए 1500 करोड़ रुपए से अधिक के औद्योगिक प्लाट घोटाले को जिस तरीके से दबाया गया है, उच्च प्रशासनिक आधिकारियों और विजीलैंस ब्यूरो की मिलीभगत की यह ताजा मिसाल है।

Mohit