होशियारपुर: एकलौते बेटे की मौत की खबर सुन गम में डूबे पिता ने भी तोड़ा दम

punjabkesari.in Wednesday, Dec 18, 2019 - 07:26 PM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र)- अज्ञात कार की चपेट में आने से बुरी तरह घायल अपने एकलौते बेटे 24 वर्षीय साहिल की लुधियाना से होशियारपुर लौटते समय कल देर रात मौत की खबर को सुनते ही गुरु नानक कॉलोनी बजवाड़ा में पिता तिलक सिंह इसे बर्दाश्त नहीं कर सके। परिवार के लोग बार बार उन्हें दिलासा दे ही रहे थे कि रात 11 बजे के करीब उन्होंने भी दम तोड़ दिया। बुधवार सायं घर से एक साथ निकलते पिता व पुत्र की अर्थी को निकलते देख परिजनों के ही नहीं बल्कि मौके पर मौजूद हर किसी की आंखे नम हो उठी।

सोमवार सायं हादसे में घायल हुआ था साहिल
थाना मॉडल टाऊन पुलिस के समक्ष दर्ज शिकायत के अनुसार साहिल फगवाड़ा रोड स्थित अनाज मंडी में काम करता था। सोमवार सायं वह अपनी बाइक से जब खानपुरी गेट की तरफ से बस स्टैंड की तरफ लौट रहा था तब किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसे में साहिल के सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से पहले उसे सिविल अस्पताल व बाद में शहर के ही एक निजी अस्पताल में रैफर कर दिया गया था। अस्पताल में हालत बिगड़ते देख उसे बेहतर इलाज के लिए डी.एम.सी. लुधियाना रैफर कर दिया गया। मंगलवार को लुधियाना में भी डॉक्टरों ने जब जवाब दे दिया तो परिवार के लोग साहिल को लेकर होशियारपुर लौट रहे थे कि रास्ते में देर सायं साहिल की मौत हो गई।

परिजनों का रो-रोकर हाल हुआ बेहाल
मंगलवार देर सायं गुरु नानक कॉलोनी स्थित घर पर जैसे ही साहिल का शव पहुंचा परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल हो उठा। रिटायर्ड बैंक अधिकारी पिता तिलक सिंह अपने एकलौते बेटे साहिल के शव से लिपट रोए जा रहे थे। तिलक सिंह को घर के लोग बार-बार दिलासा दे रहे थे लेकिन रात 11 बजे के करीब अचानक दिल का दौड़ा पड़ते ही उनकी मौत हो गई। मृतक साहिल अपने पीछे मां शीला देवी और दोनों ही बहनों मोनिका व कंचन को रोते बिलखते छोड़ गया है।

पुलिस ने किया अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
बुधवार सायं सिविल अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर मृतक साहिल के परिजनों की उपस्थिति में थाना मॉडल टाऊन में तैनात पुलिस अधिकारी हंसराज ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस फिलहाल अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस घटनास्थल से बरामद सी.सी.टी.वी.फुटेज व वायरल वीडियों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के सहारे पुलिस जल्द ही कार चालक की तलाश कर गिरफ्तार कर लेगी।

Vaneet