Rupnagar में फिर भारी बारिश का कहर, कई सरकारी दफ्तरों में घुसा पानी

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 03:41 PM (IST)

नूरपुरबेदी(संजीव भंडारी): आज सुबह हुई भारी बारिश के कारण एक बार फिर नूरपुरबेदी शहर में स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में वर्षा का पानी घुस गया। इसके चलते अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए इन सरकारी कार्यालयों में पहुंचे उपभोक्ताओं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को पानी के बीच से होकर कार्यालयों तक पहुंचना पड़ा, जबकि कार्यालयी स्टाफ को भी अपने दैनिक कार्यों के संचालन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

PunjabKesari, Heavy Rain in Rupnagar

आज सुबह हुई तेज बारिश के बाद नूरपुरबेदी बस स्टैंड के निकट स्थित मुख्य डाकघर, वाटर सप्लाई विभाग के परिसर तथा कृषि विभाग के कार्यालय में करीब एक से डेढ़ फुट तक पानी भर गया। पानी भरने के कारण कार्यालयों के आंगन, रास्ते और कई हिस्से पूरी तरह जलमग्न हो गए। इससे कार्यालयों में आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और कई लोगों को अपना कार्य पूरा करवाने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

भारी मात्रा में पानी घुसने के कारण कार्यालयों के स्टाफ को भी काफी परेशानी हुई। कर्मचारियों ने पानी को कार्यालयों के अंदर जाने से रोकने तथा जमा हुए पानी को बाहर निकालने के लिए अपने स्तर पर प्रयास किए। कई स्थानों पर झाड़ुओं, बाल्टियों तथा अन्य साधनों की सहायता से पानी बाहर निकाला गया ताकि कार्यालय का कामकाज प्रभावित न हो। इसके बावजूद कुछ समय तक सामान्य कार्य प्रभावित रहे।

PunjabKesari, Heavy Rain in Rupnagar

काम करवाने के लिए पहुंचे लोगों ने बताया कि उन्हें पानी के बीच से होकर कार्यालयों तक जाना पड़ा। बुजुर्गों, महिलाओं तथा दूर-दराज से आए लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने कहा कि बारिश होने पर हर बार ऐसी ही स्थिति बन जाती है, जिससे सरकारी कार्यालयों में आम लोगों का काम प्रभावित होता है।

उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले भी नूरपुरबेदी क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के कारण स्थानीय बंगाला बस्ती में पानी भर गया था, जिसके चलते वहां के निवासियों को सड़क किनारे रात गुजारनी पड़ी थी। इसके अलावा मुख्य कृषि कार्यालय नूरपुरबेदी में दो से ढाई फुट तक पानी भर जाने के कारण करीब 80 क्विंटल गेहूं का बीज खराब हो गया था। वहीं विभाग द्वारा नए खुलने वाले प्लांट क्लीनिक के लिए लाई गई महंगी मशीन, सरकारी रिकॉर्ड, फर्नीचर तथा अन्य कीमती सामान भी पानी की भेंट चढ़ गया था, जिससे विभाग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था।

इसके बाद भले ही विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सतर्कता बरती जा रही थी, लेकिन आज फिर हुई भारी बारिश के कारण कृषि कार्यालय में करीब एक फुट तक पानी जमा हो गया। हालांकि इस बार कर्मचारियों ने समय रहते जरूरी रिकॉर्ड, बीज तथा अन्य कीमती सामान को सुरक्षित स्थानों पर रख दिया, जिससे पिछली बार जैसा बड़ा नुकसान होने से बचाव हो गया। कार्यालय के कर्मचारी पूरे दिन पानी निकालने तथा स्थिति को सामान्य बनाने में जुटे रहे।

PunjabKesari,

इसी दौरान मुख्य डाकघर के परिसर में भी करीब एक फुट पानी भर गया। पानी भरने के कारण मुख्य प्रवेश द्वार से आवाजाही में दिक्कत आने लगी तो डाकघर के स्टाफ ने तुरंत बलाचौर मार्ग की ओर बने दूसरे गेट को खोल दिया ताकि ग्राहकों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। इस प्रयास से लोगों को कुछ राहत मिली और डाकघर की सेवाएं लगातार जारी रहीं।

स्थानीय वाटर सप्लाई विभाग के परिसर में भी भारी मात्रा में पानी घुस गया। हालांकि पानी भरने के बावजूद किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली। विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि पानी की निकासी प्रभावित होने के कारण वर्षा का पानी सीधे कार्यालय परिसर में प्रवेश कर गया। उन्होंने कहा कि यदि निकासी व्यवस्था को सुचारु किया जाए तो भविष्य में इस समस्या से काफी हद तक छुटकारा पाया जा सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं हुआ है। बारिश होने पर इन सरकारी कार्यालयों में हर वर्ष और कई बार एक ही मौसम के दौरान बार-बार पानी भर जाता है। इसका मुख्य कारण यह है कि ये सभी कार्यालय मुख्य सड़क के स्तर से काफी नीचे स्थित हैं। जैसे ही तेज बारिश होती है, सड़कों पर जमा पानी ढलान के कारण सीधे इन कार्यालयों की ओर आ जाता है और परिसरों में भर जाता है।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि इन कार्यालयों में प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपने विभिन्न सरकारी कार्यों के लिए आते हैं। डाकघर में पेंशनधारकों, बचत खाताधारकों तथा अन्य ग्राहकों की नियमित आवाजाही रहती है, जबकि वाटर सप्लाई और कृषि कार्यालयों में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में हर बार पानी भरने के कारण आम लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती है।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन सरकारी कार्यालयों के आसपास पक्की और प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था बनाई जाए, पानी की निकासी के लिए स्थायी प्रबंध किए जाएं तथा जहां आवश्यकता हो वहां भूमि का स्तर ऊंचा किया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिल सके। उनका कहना है कि सरकारी कार्यालयों में बार-बार पानी भरने से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि आम लोगों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

हालांकि आज सभी कार्यालयों में भारी मात्रा में पानी घुस गया था, लेकिन कुछ दिन पहले हुए बड़े नुकसान से सबक लेते हुए कर्मचारी पहले से ही सतर्क थे। इसी कारण उन्होंने समय रहते आवश्यक दस्तावेज, उपकरण तथा अन्य सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया, जिससे इस बार किसी बड़े नुकसान से बचाव हो गया। फिर भी बार-बार उत्पन्न हो रही यह स्थिति स्थायी समाधान की मांग करती है ताकि आने वाले समय में सरकारी कार्यालयों और आम लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News