पंजाब बॉर्डर पर हाई अलर्ट! ड्रोन और तस्करों पर शिकंजा कसने उतरी पुलिस
punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 11:07 AM (IST)
अमृतसर (रमन): सीमा पार से हो रही ड्रोन ड्रॉपिंग, नशा तस्करी और अवैध हथियारों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पंजाब पुलिस ने सीमावर्ती जिलों में व्यापक अभियान शुरू किया है। बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि जिन इलाकों में ड्रोन ड्रॉपिंग, नशीले पदार्थों या अवैध हथियारों से जुड़े अधिक मामले सामने आए हैं, वहां रात के समय विशेष नाकाबंदी और तड़के सर्च ऑपरेशन चलाए जाएंगे।
डीआईजी ने बताया कि अभियान के तहत अमृतसर देहात के करंडा, लोपोके, अजनाला और सीमा से सटे अन्य संवेदनशील गांवों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इन क्षेत्रों में नए सीसीटीवी और हाई-टेक निगरानी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि ड्रोन गतिविधियों और संदिग्ध हलचल पर लगातार नजर रखी जा सके। पुलिस के अनुसार, जहां भी खुफिया जानकारी मिलेगी वहां सुबह करीब 4 बजे के बाद विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। इस दौरान हिस्ट्रीशीटरों, नशा तस्करी से जुड़े संदिग्धों और आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों का सत्यापन किया जाएगा। उनके घरों की तलाशी के साथ-साथ दोपहिया, कार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच होगी। यदि कोई वाहन चोरी का या बिना वैध दस्तावेजों के पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि खुफिया जानकारी के अनुसार सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजे जाने वाले नशीले पदार्थ और हथियार अक्सर चोरी के मोटरसाइकिलों, पुराने ट्रैक्टरों या अन्य अवैध वाहनों के जरिए आगे पहुंचाए जाते हैं। इसी वजह से अब वाहनों की गहन जांच और रिकॉर्ड का सत्यापन भी अभियान का अहम हिस्सा होगा। डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि यह अभियान एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। पठानकोट, बटाला, गुरदासपुर और अमृतसर देहात सहित चारों सीमावर्ती जिलों में हर सप्ताह दो दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर ऑपरेशन की निगरानी करेंगे। उन्होंने बताया कि एंटी-ड्रोन सिस्टम, लाइव स्ट्रीमिंग कैमरे और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरों की मदद से संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन ड्रॉपिंग, नशा तस्करी और हथियारों की स्मगलिंग रोकना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

