गुरदासपुर में मनमोहक नजारा, दिखी हिमाचल-जम्मू की बर्फीली पहाड़ियां

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 02:39 PM (IST)

गुरदासपुर (हरमन): इस वर्ष अप्रैल महीने के पहले दस दिनों के दौरान हुई लगातार बारिश ने जहां कई पुराने मौसमी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, वहीं इस बदले हुए मौसम ने पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ा है। बारिश और ठंडी हवाओं के प्रभाव से गुरदासपुर सहित समूचे उत्तर भारत में हवा की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया गया है। वर्तमान स्थितियों के अनुसार, गुरदासपुर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 80 से नीचे दर्ज किया गया है और कई दिनों के दौरान यह 70 के करीब भी रहा, जो स्वास्थ्य के लिए काफी बेहतर माना जाता है। बारिश के कारण हवा में मौजूद धूल-मिट्टी और प्रदूषण के कण काफी कम हो गए हैं, जिससे आसमान बिल्कुल साफ दिखाई दे रहा है और दृश्यता (विजिबिलिटी) भी काफी बढ़ गई है।

हालात यह हैं कि गुरदासपुर के बाहरी क्षेत्रों और ऊंची इमारतों से दूर स्थित हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की बर्फ से ढकी पहाड़ियां भी स्पष्ट रूप से नजर आ रही हैं। आम दिनों में प्रदूषण और धुंध के कारण ये नजारे विरले ही देखने को मिलते हैं। लोगों का कहना है कि इस तरह का साफ मौसम पहले कोरोना महामारी के दौरान लगे लॉकडाउन के समय देखने को मिला था, जब मानवीय गतिविधियां कम होने के कारण वातावरण काफी साफ हो गया था। मौसम साफ होने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में भी कमी देखने को मिली है। डॉक्टरों के अनुसार हवा में धूल-मिट्टी के कण कम होने के कारण लोगों को गला खराब होना, एलर्जी, खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं से राहत मिल रही है।

PunjabKesari

सुबह और शाम के समय ताजी हवा मिलने से लोग खुद को और अधिक तंदुरुस्त महसूस कर रहे हैं। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह मौसम काफी लाभदायक साबित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों के दौरान मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, हालांकि कई जगहों पर हलके बादल छाए रह सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और हवाएं प्रदूषण के कणों को हवा में टिकने नहीं देतीं, जिससे ए.क्यू.आई. में सुधार होता है और वातावरण साफ रहता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News