पंजाब के गृह मंत्री ने डी.जी.पी. को आरुसा आलम की जांच के दिए आदेश

punjabkesari.in Friday, Oct 22, 2021 - 06:40 PM (IST)

जालंधरः पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पंजाब के डी.जी.पी. को कैप्टन अमरिंदर सिंह की पाकिस्तानी दोस्त आरूसा आलम की जांच के आदेश दे दिए हैं।  रंधावा ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की दोस्त आरूसा आलम के आई.एस.आई. के साथ कनैक्शन हैं, जिसकी जांच पंजाब सरकार की तरफ से गहराई के साथ की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि आरूसा आलम के आई.एस.आई. कनैक्शन की जांच के लिए डी.जी.पी. को आदेश दे दिए गए हैं। रंधावा ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी बड़ा हमला करते हुए कहा कि अब कैप्टन अमरिन्दर सिंह कह रहे हैं कि पंजाब को आई.एस.आई. से खतरा है जबकि जब कैप्टन अमरिंदर सिंह बतौर पंजाब के मुख्यमंत्री थे तो तब कोई खतरा नहीं था।

रंधावा ने कहा कि क्या जब आरूसा आलम पंजाब में आकर रह रही थी तो तब कोई खतरा नहीं था। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े 4 वर्षों में पंजाब को कोई खतरा नहीं था और अब कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ से इस्तीफा देने के बाद एक महीने में ऐसा क्या हो गया है, जहां से कैप्टन को लग रहा है कि पंजाब को आई.एस.आई. से खतरा है। साथ ही यह भी कहा कि पहले भी तो पाकिस्तान से ड्रोन आते रहे हैं। 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम देखेंगे कि क्या आरूसा आलम के आई.एस.आई. के साथ तार जुड़े हुए हैं या नहीं। इसकी जांच अब पंजाब सरकार की ओर से गहराई के साथ की जाएगी। यहां बताने योग्य है कि इसके पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब को आई.एस.आई. से खतरा बताया था और पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हमले होने की बात कही थी। सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि आरूसा आलम के पंजाब में आकर रहने को लेकर हर एक पहलू की अब गहराई के साथ जांच की जाएगी।

पंजाब और अपने शहर की अन्य खबरें पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Sunita sarangal