Honor killing: बेटी के प्रेमी को काट कर शव उसी के घर के बाहर फैंका

punjabkesari.in Saturday, Dec 14, 2019 - 09:49 AM (IST)

अमृतसर/राजासांसी(संजीव/ निरवैल) : गांव राजासांसी में आज उस समय ऑनर किलिंग का मामला सामने आया, जब गांव के ही एक व्यक्ति ने पत्नी और 2 सालों के साथ बेटी के प्रेमी 16 वर्षीय आकाशदीप सिंह की हथौड़े व तेजधार हथियारों से निर्मम हत्या कर शव को उसी के घर के बाहर फैंक दिया।

सूचना मिलते ही थाना राजासांसी प्रभारी इंस्पैक्टर सुखजिन्द्र सिंह खैहरा टीम समेत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लड़की के पिता कुलबीर सिंह, उसकी पत्नी सुखवंत कौर व कुलबीर के साले जसकरण सिंह व लवप्रीत सिंह पर केस दर्ज कर लड़की की मां सुखवंत कौर को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है। ऑनर किलिंग के इस मामले में देर रात पुलिस जांच के दौरान पता चला कि आकाशदीप के नाबालिग लड़की से अवैध संबंध लड़की के घरवालों को गवारा नहीं था। देर रात करीब अढ़ाई बजे आकाशदीप दीवार फांद कर अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पर गया, जब वे दोनों बातें कर रहे थे तो लड़की की मां सुखवंत कौर की आंख खुल गई और उसने पति कुलबीर सिंह को भी जगा लिया।

दोनों ने मिलकर आकाशदीप को दातर व हथौड़े से इस कदर पीटा कि वह रात में खून की उल्टियां करने लगा। उसकी हालत ऐसी हो गई मानो वह आखिरी सांस ले रहा हो। इसके बाद कुलबीर सिंह ने किसी तरह आकाशदीप के घर संदेश भेजा कि उनका लड़का उनके घर पर है, जिसके बाद आकाशदीप का परिवार उसे कुलबीर सिंह के घर से ले गया। जब तक वे लोग उसे अस्पताल ले जाते आकाशदीप ने दम तोड़ दिया। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। यह पुष्टि देर रात थाना प्रभारी ने की। एक तरफ आकाशदीप का परिवार यह दावा कर रहा है कि उनके लड़के की हत्या कर उसे उनके घर के बाहर फैंका गया, जबकि पुलिस जांच में हत्या कहीं और सामने आ रही है। दोनों परिवारों के बीच चल रही खींचतान में पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। 

आरोपियों को मिले फांसी की सजा : पीड़ित परिवार
आकाशदीप सिंह की माता गुरमीत कौर ने बताया कि उसका बेटा सैनेटरी का काम करता था। आज छुट्टी होने से सुबह श्री हरिमंदिर साहिब माथा टेकने गया था। जब वहां से लौटा तो उसे कुलबीर सिंह अपने सालों के साथ अगवा कर अपने घर ले गया, जहां उसकी निर्मम हत्या कर उसका शव उनके घर के बाहर फैंक कर फरार हो गए। आरोपियों का आरोप था कि आकाशदीप के उनकी लड़की से संबंध हैं। गुरमीत कौर व पिता हरजीत सिंह ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। 

पोस्टमार्टम के बाद घर वालों ने किया संस्कार
पुलिस ने पोस्टर्माटम करवा आकाशदीप के शव को उसके परिवार को सौंप दिया, जिसके बाद शाम को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को करीब 10 दिन के बाद मिलेगी, जबकि आकाशदीप के शरीर में तेजधार दातर, हथौड़े व डंडों के निशान थे। 

Vatika