लुधियाना में खुलेआम गुंडाराज! तेजधार हथियार लहराकर सड़कों पर उतरे युवक, VIDEO वायरल
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 02:30 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए हुड़दंग और दहशतगर्दी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के सलेम टाबरी इलाके में कुछ सिरफिरे युवकों ने सरेराह तेजधार हथियार लहराकर जमकर उत्पात मचाया। इस गुंडागर्दी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है, जिसमें 7 से 8 युवक एक्टिवा और बाइकों पर सवार होकर, हाथों में गंडासियां व अन्य धारदार हथियार लिए सरेआम गालियां बक रहे हैं और विरोधी गुट को खुलेआम ललकारते नजर आ रहे हैं। इस खौफनाक मंजर के बाद से स्थानीय निवासियों में डर और सहम का माहौल बना हुआ है।
पुरानी रंजिश और बेइज्जती का बदला लेने की थी तैयारी
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद के पीछे सलेम टाबरी और हैबोवाल के दो अलग-अलग गुटों के बीच चल रही पुरानी खूनी रंजिश है। इस ताजी घटना की स्क्रिप्ट कुछ समय पहले लिखी गई थी, जब सलेम टाबरी इलाके के एक गुट ने हैबोवाल इलाके के एक युवक को अकेले पाकर बेरहमी से पीटा था। बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उस युवक को सरेआम निर्वस्त्र (नंगा) कर दिया था और उसकी इस बेइज्जती का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
हथियार लहराते हुए विरोधी गुट के मोहल्ले में दी दस्तक
अपने साथी के साथ हुई इस घिनौनी और शर्मनाक हरकत का बदला लेने के लिए हैबोवाल गुट के युवक आगबबूला हो रहे थे। इसी रंजिश और बदले की नीयत के तहत हैबोवाल गुट के 7 से 8 लड़के मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सलेम टाबरी इलाके में दाखिल हुए। उन्होंने सरेआम मोहल्ले की गलियों में घूमकर गाली-गलौज की, शोर-शराबा मचाया और विरोधी गुट के लड़कों को घर से बाहर निकलने की धमकियां देते हुए ललकारा।
खौफ पैदा करने के लिए खुद ही बनाया और वायरल किया वीडियो
इलाके में दहशत का राज कायम करने के लिए इन हुड़दंगियों ने हथियारों का प्रदर्शन करते हुए खुद ही अपना वीडियो शूट किया और उसे इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। पॉश और रिहायशी इलाकों में इस तरह सरेआम धारदार हथियारों के साथ शक्ति प्रदर्शन होने से सलेम टाबरी के आम नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरेराह ऐसी गुंडागर्दी से बच्चों और महिलाओं में भारी डर है।
वीडियो की जांच करवा कर होगी सख्त कार्रवाई: एडीसीपी समीर वर्मा
इस पूरी घटना का वीडियो पुलिस के आला अधिकारियों तक भी पहुंच गया है। मामले की संजीदगी को देखते हुए जब अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर पुलिस (ADCP-1) समीर वर्मा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में आ चुका है। एडीसीपी वर्मा ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की गहनता से जांच करवाई जा रही है। वीडियो के आधार पर हुड़दंग मचाने वाले और हथियार लहराने वाले युवकों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और शहर का माहौल खराब करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

