SGPC को सियासत से बाहर निकालने के लिए नया संगठन बनाएंगे फूलका

punjabkesari.in Friday, Jan 04, 2019 - 05:29 PM (IST)

दिल्ली। AAP से इस्तीफा देने के बाद एच एस फूलका ने कहा कि 1984 के सिख कत्लेआम की लड़ाई में कांग्रेस को छोड़ कर सभी पार्टियों ने साथ दिया। उन्होंने कहा कि जगदीश टाइटलर और कमलनाथ जैसे लोगों को सलाखों के पीछे भेजना अभी बाकी है। SGPC के बारे में उन्होंने कहा कि यह पंजाब की बहुत बड़ी संस्था है। SGPC के साथ लोगों की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्था को सियासत से बाहर निकालने के लिए वह संगठन बनाएंगे। फूलका ने कहा कि मैं चाहता हूं कि देश में अन्ना हजारे जैसे मुवमेंट और होने चाहिए और आज के युवाओं को समाज सेवा के काम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए।

लोकसभा चुनाव लड़ने से भी किया इनकार...
उन्होंने कहा कि पंजाब में शिक्षा, कानून और स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। पंजाब से नशे को खत्म करने और जन-सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हमें अच्छे लोगों का संगठन बनाने की जरुरत है। गौरतलब है कि एचएस फूलका ने अपने दाखा हल्के से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है, जोकि अभी मंजूर नहीं हुआ है। विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने अब आम आदमी पार्टी से भी इस्तीफा देकर अपने विधानसभा हल्के के लोगों को हैरत में डाल दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एचएस फूलका ने अपने विधानसभा क्षेत्र को चुनाव के एक साल बाद ही लावारिस छोड़ दिया है। उनका कहना है कि विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इलाके में सभी मूलभूत सुविधाएं चरमरा गई हैं। सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र की हालत भी खराब होती जा रही है। उधर फूलका ने यह भी कहा है कि मैं लोकसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा। पिछले एक साल से मैंने एक्टिव पोलिटिक्स से खुद को अलग किया हुआ था। पांच साल के राजनीतिक अनुभव से मैंने बहुत सीखा है।    

 

Suraj Thakur