चंडीगढ़ में फैंसी नंबरों का दिखा जबरदस्त क्रेज! जानें कौन-से नंबर रहे सबसे महंगे?
punjabkesari.in Monday, Oct 12, 2026 - 09:59 PM (IST)
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में अपनी गाड़ी के लिए पसंदीदा VIP नंबर हासिल करने का क्रेज एक बार फिर देखने को मिला। यहां एक फैंसी नंबर के लिए 21.31 लाख रुपए की बोली लगाई गई। रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (RLA) की ओर से नई वाहन पंजीकरण सीरीज CH01-DG के फैंसी नंबरों की ई-नीलामी करवाई गई, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
0001 नंबर के लिए सबसे ऊंची बोली
ई-नीलामी में CH01-DG-0001 नंबर सबसे महंगा बिका। इसे हासिल करने के लिए बोली 21 लाख 31 हजार रुपए तक पहुंच गई। वहीं, CH01-DG-007 नंबर दूसरे स्थान पर रहा, जिसके लिए 11 लाख 71 हजार रुपए की बोली लगाई गई। जबकि तीसरे नंबर CH01DG0009 रहा, जोकि 10 लाख 90 हजार में बिका, चौथे नंबर पर CH01DG0003 रहा, जोकि 8 लाख 70 हजार में बिका।
527 नंबरों से 2.97 करोड़ रुपए की कमाई
10 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2026 तक चली इस ई-नीलामी में कुल 527 फैंसी नंबर बिके। इन नंबरों की बिक्री से चंडीगढ़ प्रशासन को कुल 2.97 करोड़ रुपए की आय हुई। नीलामी के आंकड़े बताते हैं कि पसंदीदा और खास नंबर हासिल करने के लिए लोग बड़ी रकम खर्च करने को तैयार हैं।

