मोटरसाइकिल पर नशा सप्लाई करने जा रहे पति-पत्नी गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, May 10, 2018 - 09:14 AM (IST)

जालंधर (महेश): मोटरसाइकिल पर किसी को नशा सप्लाई करने के लिए घर से निकले पति-पत्नी को थाना सदर की पुलिस चौकी जंडियाला मंजकी के प्रभारी एस.आई. मेजर सिंह रयाड़ ने रास्ते में ही दबोच लिया।  जालंधर कैंट के ए.सी.पी. मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि थाना सदर के प्रभारी इंस्पैक्टर सुखदेव सिंह औलख के नेतृत्व में एस.आई. मेजर सिंह रयाड़ ने नकोदर मोड़ जंडियाला में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस पार्टी ने मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी को चैकिंग के लिए रोका जिन्होंने अपना नाम कुलविन्द्र सिंह व उसकी पत्नी सिमरन निवासी गांव चक्क मुगलानी थाना नकोदर, जालंधर बताया। लेडी कांस्टेबल चरणजीत कौर द्वारा सिमरन की तलाशी लेने पर 2 ग्राम हैरोइन बरामद हुई जबकि एस.आई. मेजर सिंह रयाड़ व ए.एस.आई. मदन सिंह ने कुलविन्द्र सिंह से 30 ग्राम नशीला पाऊडर बरामद किया। 


जांच में पता चला कि दोनों जंडियाला में ही किराए के मकान में रहते थे। सिमरन का अपने पहले पति से तलाक हो चुका है और कुलविन्द्र सिंह की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। दोनों ने शादी रचाने के बाद नशा तस्करी का काम शुरू कर दिया। उनके खिलाफ थाना सदर में केस दर्ज कर लिया गया है और उन्हें अदालत में भी पेश कर दिया गया है। ए.सी.पी. मनप्रीत सिंह ढिल्लों व एस.एच.ओ. सदर सुखदेव सिंह ने बताया कि कुलविन्द्र सिंह पर पहले भी थाना नूरमहल में लड़ाई-झगड़े का केस दर्ज है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों आरोपी हैरोइन व नशीला पाऊडर कहां से लाते थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sonia Goswami

Related News