मोगा में पति की हैवानियत, पत्नी पर हथौड़े से किया हमला, आरोपी पति फरार
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 05:01 PM (IST)
मोगा (आजाद): मोगा जिले के गांव घोलिया खुर्द में घरेलू विवाद के चलते एक महिला को उसके पति द्वारा हथौड़े से हमला कर बुरी तरह घायल किए जाने का मामला सामने आया है, जिसे सिविल अस्पताल मोगा दाखिल करवाया गया।
जानकारी देते हुए थाना निहाल सिंह वाला के प्रभारी इंस्पैक्टर जतिन्द्र सिंह ने बताया कि हमें जानकारी मिली थी कि घोलिया खुर्द निवासी महिला अमनदीप कौर को उसके पति द्वारा बुरी तरह मारपीट कर घायल किया गया है, जो सिविल अस्पताल मोगा में उपचाराधीन है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित महिला के बयान दर्ज किए गए। जानकारी के अनुसार अमनदीप कौर ने अपने पति पर बुरी तरह से मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस ने उसके पति जगतार सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने पर किसान नेता भी अस्पताल में उसका पता लेने के लिए पहुंचे और उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक मोगा से गुहार लगाई कि पीड़ित महिला को इंसाफ दिया जाए और कथित आरोपी को जल्द काबू किया जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

