पति ने पत्नी के सिर में खाट के पावे मार बेरहमी से कत्ल किया, शराब के नशे में था धुत

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2020 - 04:12 PM (IST)

श्री माछीवाड़ा साहिब(टक्कर): पंजाब में लगे कर्फ्यू के दौरान थाना कूमकलां के अधीन आते गांव गाही भैणी में आज एक पति ने अपनी पत्नी का बेरहमी से कत्ल कर दिया और मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान कमलजीत कौर पत्नी सुखबीर सिंह के रूप में हुई है।

मृतका के भाई बेअंत सिंह ने थाना कूमकलां पुलिस को बयान दर्ज करवाए कि उसकी बहन कमलजीत कौर का विवाह 3 साल पहले गांव गाही भैणी के निवासी सुखबीर सिंह से हुआ था। दोनों का एक बेटा भी है। उसने बताया कि सुखबीर शराब का आदी था और वह पहले भी अकसर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था। आज 29 मार्च को सुबह उसकी बहन का फोन आया कि सुखवीर सिंह उसे बुरी तरह से मार रहा है जिस पर वह अपनी माता बलविंदर कौर को साथ लेकर उसके ससुराल पहुंचा। वहां जाकर देखा कि काफी भीड़ जमा थी और उसकी बहन का खून से लथपथ शव कमरे में पड़ा था।

बेअंत सिंह ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया कि उसके जीजा के छोटे भाई जगतार सिंह ने जानकारी दी कि सुखबीर सिंह नशे की हालत में कमलजीत कौर की मारपीट कर रहा था जिसे समझाने की उसने कोशिश भी की। इस झगड़े दौरान सुखबीर सिंह ने हाथ में पकड़े खाट के पावे से उसे भी मारने की कोशिश की। इस दौरान सुखबीर सिंह ने कमरे की कुंडी अंदर से लगा कर हाथ में पकड़े खाट के पावे से कमलजीत कौर के सिर में कई वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

कूमकलां पुलिस द्वारा मृतका के भाई बेअंत सिंह के बयानों के आधार पर अपनी पत्नी का कत्ल करने के अरोप में सुखबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने कुछ घंटों में ही कातिल को किया गिरफ्तार
थाना कूमकलां के प्रमुख परमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने सुखबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि सुखबीर सिंह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और आज सुबह भी उनका इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ जिस कारण उसने खाट के पावे से सिर पर कई वार कर अपनी पत्नी को बेरहमी से मार डाला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News