पत्नी की बेवफाई से दुखी पति ने दी जान, सुसराल वालों ने प्रेमी और बेटी का दिया साथ

punjabkesari.in Thursday, Aug 08, 2019 - 08:14 PM (IST)

निहाल सिंह वाला/बिलासपुर(बावा/जगसीर): पत्नी के अवैध संबंधों से परेशान पति द्वारा सल्फास निगल कर आत्महत्या करने पर थाना निहालसिंह वाला की पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी, सास व ससुराल वालों को नामजद किया है। मृतक के पिता दर्शन सिंह पुत्र विसाखा सिंह निवासी गांव पत्तो हीरा सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है। मेरे छोटे लड़के हरभजन सिंह की शादी करीब 6 साल पहले गांव बुर्ज कुलारा (लुधियाना) में हुई थी, जिसके 2 बच्चे हैं। मेरे लड़के की पत्नी के हमारे गांव में रहते युवक के साथ अवैध संबंध थे, जिसका हरभजन सिंह को करीब 2 साल के बाद पता लगा। इस कारण घर में लड़ाई-झगड़ा होता रहता था।

हरभजन सिंह ने अपने सास-ससुर से इस संबंधी बात की तो वह भी उसकी पत्नी का पक्ष लेने लगे। कुछ समय से हरभजन की पत्नी उसके प्रेमी को अपने मायके घर ले जाने लगी। कुछ दिन पहले मेरी पुत्रवधु ने अपने मायके जाकर रहना शुरू कर दिया और जब मेरा लड़का हरभजन सिंह अपनी पत्नी को लेने के लिए अपने ससुराल गया तो मेरे लड़के हरभजन सिंह की मेरी पुत्रवधु के साथ लड़ाई हो गई व उसके ससुराल वालों ने हरभजन से मारपीट भी की। पत्नी की बेवफाई व ससुराल में हुई पिटाई से आहत हरभजन ने सल्फास की गोलियां निगल कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।



घटना की सूचना मिलते ही थाना इंस्पैक्टर लछमन सिंह ढिल्लों व सहायक थानेदार अमरजीत सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक नौजवान हरभजन सिंह के पिता दर्शन सिंह के बयानों पर हरभजन की पत्नी, ससुर, सास व प्रेमी के खिलाफ थाना निहाल सिंह वाला में अ/ध 306, 34 आई.पी.सी. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


 

Vaneet