पंजाब में कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन पर कैप्टन ने किया Tweet

punjabkesari.in Saturday, May 25, 2019 - 03:54 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने इस लोकसभा चुनाव में राज्य में कांग्रेस को मिली जीत के लिए शनिवार को मतदाताओं का आभार जताया। सिंह ने इसके साथ ही पंजाब के मंत्रियों, पार्टी विधायकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राज्य में अच्छे प्रदर्शन के लिए धन्यवाद दिया।
 

सिंह ने ट्वीट किया, "मैं युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के सभी कार्यकर्ताओं को उनके समर्थन एवं कड़ी मेहनत के लिए अपना आभार जताता हूं, जिसके चलते लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन हुआ।'' मुख्यमंत्री ने पंजाब को ‘‘एक बार फिर नम्बर एक'' बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, ‘‘ ऐसा जनादेश देकर हम पर विश्वास जताने के लिए मैं पंजाब के लोगों को धन्यवाद देता हूं।' 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में आठ पर जीत दर्ज की है।


आम चुनाव में यहां मोदी लहर का कोई असर नहीं दिखा, जो पूरे उत्तर और मध्य भारत में देखने को मिली। कांग्रेस ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की और शिअद..भाजपा गठबंधन तथा आप को चौंका दिया। कांग्रेस ने साथ ही 2014 के लोकसभा चुनाव में मिली सीटों में भी बढ़ोतरी की। 2014 में कांग्रेस पंजाब में तीन सीटों पर जीती थी। कांग्रेस 2017 में हुए उपचुनाव में गुरदासपुर सीट जीती थी। इस चुनाव में अकाली..भाजपा गठबंधन ने चार सीटें जीतीं हैं। आप ने एकमात्र संगरूर सीट पर जीत दर्ज की। आप के भगवंत मान ने संगरूर सीट बरकरार रखी। 

 

Vatika