यदि प्रकाश सिंह बादल ने नहीं दिए आदेश तो क्या सुखबीर के कहने पर चली गोली : रंधावा

punjabkesari.in Monday, Sep 03, 2018 - 08:13 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा सिख संगत पर फायरिंग के आदेश से इंकार करने के बाद सियासत गर्मा गई है। पंजाब के कैबिनेट मंत्री सुखजिंद्र सिंह रंधावा ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सवाल किया है कि बहिबलकलां और कोटकपूरा में गोली चलाने के आदेश यदि पूर्व मुख्यमंत्री ने नहीं दिए थे तो क्या यह तत्कालीन उप मुख्यमंत्री या डी.जी.पी. सुमेध सिंह सैनी ने दिए थे।

रंधावा ने कहा कि गोली चलाने के हुक्म किसने दिए, इसका पता लगाने के लिए प्रकाश सिंह बादल, सुखबीर सिंह बादल और सुमेध सिंह सैनी को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी चाहिए।  उन्होंने प्रकाश सिंह बादल से सवाल किया कि यदि गोली चलाने के हुक्म आपने नहीं दिए थे तो फिर किसके हुक्मों से गोली चलाई गई? 

कम से कम उपमुख्यमंत्री से तो पूछ लेते बादल
रंधावा ने कहा कि हैरानी की बात है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री की आधी रात को फरीदकोट प्रशासन और डी.जी.पी. के साथ बातचीत होती है परंतु वह गोली चलाने का हुक्म नहीं देते तो भी पुलिस की तरफ से निर्दोष सिखों पर गोली चलाई जाती है। प्रकाश सिंह बादल को बयान देने से पहले अपने पुत्र जो तत्कालीन उपमुख्यमंत्री थे, से पूछ लेना चाहिए कि गोली उनके हुक्मों पर तो नहीं चलाई गई।

swetha