बरगाड़ी कांडः SIT की तरफ से प्रकाश सिंह बादल से पूछताछ आज

punjabkesari.in Friday, Nov 16, 2018 - 04:10 PM (IST)

चंडीगढ़ (अश्वनी): धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी-गोलीकांड मामले में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल शुक्रवार को स्पैशल इन्वैस्टीगेशन टीम के समक्ष बयान दर्ज करवाएंगे। इस बाबत प्रकाश सिंह बादल ने एस.आई.टी. प्रमुख को पत्र भेजकर बयान दर्ज करवाने की बात कही है। 

बादल ने बयान दर्ज करवाने के लिए जगह के तौर पर चंडीगढ़ के सैक्टर-2 स्थित एम.एल.ए. फ्लैट नंबर-45 का चयन किया है। पत्र में एस.आई.टी. के सदस्य आई.जी. कुंवर विजय प्रताप सिंह को हटाने की भी मांग की गई है। एस.आई.टी. ने हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री को बयान दर्ज करवाने संबंधी सम्मन जारी किए थे।  पहले भेजे गए सम्मन के उन्हें अमृतसर सर्किट हाऊस में आकर बयान दर्ज करवाने को कहा गया था लेकिन शिअद ने इस पर तीखा विरोध जताया था। इसके चलते बाद में संशोधित सम्मन जारी करते हुए उन्हें सुविधा के मुताबिक जगह चुनने की बात कही गई। इसी पर अब पूर्व मुख्यमंत्री बयान दर्ज करवाने के लिए तैयार हुए हैं।  


वीरवार को चंडीगढ़ स्थित शिअद मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पार्टी प्रवक्ता डा. दलजीत सिंह चीमा ने पूर्व मुख्यमंत्री के पत्र को प्रस्तुत किया। इस पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को एस.आई.टी. के सदस्य आई.जी. कुंवर विजय प्रताप सिंह को इस जांच प्रक्रिया से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आई.जी. की बयानबाजी में राजनीतिक गंध आती है। जांच-पड़ताल मर्यादा में होनी चाहिए लेकिन आई.जी. मर्यादा से बाहर होकर कार्य कर रहे हैं। आई.जी. ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को जो पहला सम्मन भेजा, उसमें उम्र का लिहाज नहीं किया गया। यह सी.आर.पी.सी. का सीधा उल्लंघन है। चीमा ने कहा कि उन्होंने व शिअद नेता बलविंद्र सिंह भूंदड़ ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव को सबूतों के साथ पत्र सौंपा है ताकि आई.जी. को तत्काल हटाया जाए। 

 

Vatika