IG नौनिहाल मिले मुख्यमंत्री से, 550वें प्रकाश पर्व पर पुलिस प्रबंधों को सरकार ने सराहा

punjabkesari.in Saturday, Nov 30, 2019 - 09:20 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब पुलिस के आई.जी. नौनिहाल सिंह ने आज पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से मुलाकात करके उन्हें श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर राज्य पुलिस द्वारा किए गए प्रबंधों की विस्तार से जानकारी दी, वहीं पर दूसरी तरफ कैप्टन ने राज्य पुलिस द्वारा श्री सुल्तानपुर लोधी में किए गए प्रबंधों को सराहते हुए कहा कि राज्य के इतिहास में पुलिस ने शानदार कार्य किया है जिससे देश-विदेश से श्री गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने आई संगत को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के सुरक्षा सलाहकार खूबी राम तथा ऑफिसर ऑन स्पैशल ड्यूटी गुरमेहर सिंह सेखों भी मौजूद थे। आई.जी. ने उन्हें बताया कि 550वां प्रकाश पर्व शांतमय ढंग से गुजरा है तथा इसमें सभी का योगदान रहा। नौनिहाल सिंह ने मुख्यमंत्री को पंजाब पुलिस द्वारा प्रकाशित करवाई गई पुस्तक भी भेंट की, जिसमें पुलिस द्वारा ऐतिहासिक 550वें प्रकाश पर्व पर श्री सुल्तानपुर लोधी में करवाए गए कार्यों का विस्तार से जिक्र था।

उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि किस तरह से पुलिस ने वी.वी.आई.पी. लोगों के आगमन के समय संगत को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं आने दी तथा किस तरह से पुलिस ने पहली बार आधारभूत ढांचे को विकसित करने में प्रशासन के साथ मिलकर कार्य किया। श्री सुल्तानपुर लोधी में राज्य पुलिस की ओर से आई.जी. नौनिहाल सिंह को कमान सौंपी गई थी, जिनके नेतृत्व में टीम कार्य कर रही थी। आई.जी. ने मुख्यमंत्री को बताया कि कुल मिलाकर पंजाब पुलिस को श्री सुल्तानपुर लोधी में कार्य करने का एक अनोखा अनुभव भी हासिल हुआ है और साथ ही पुलिस का भी आधारभूत ढांचा विकसित हो सका है, जो भविष्य में प्रबंधों को सरलता से करने में काम आएगा। 

Vatika