फगवाड़ा में अब अवैध कब्जाधारियों की खैर नहीं, निगम और पुलिस की टीमें करेंगी एक्शन

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 10:40 AM (IST)

फगवाड़ा (जलोटा): फगवाड़ा शहर में शातिर लोगों द्वारा तंग बाजारों और सरकारी जमीनों पर बीते लंबे समय से किए गए अवैध अतिक्रमणों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हकीकत यह हैं कि इन दिनों खासकर बरसाती मौसम में शहर के प्रमुख बाजारों, विशेषकर बंगा रोड, सिनेमा रोड और अन्य व्यस्त इलाकों की स्थिति इतनी बदतर हो चुकी हैं कि आम जनता का वहां से पैदल गुजरना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। कुछ दुकानदारों द्वारा तो अपनी दुकानों के बाहर कई-कई फीट सरकारी जमीन पर सामान सजाकर खुलेआम किए जा रहे इन अवैध अतिक्रमणों ने पूरी ट्रैफिक व्यवस्था को पंगु बना दिया है। लेकिन ऐसे शातिर रसूखदार लोगों के खिलाफ आज तक सरकारी कार्रवाई शून्य हैं।

अवैध अतिक्रमणों को हटाने की फगवाड़ा में जब भी पहल होती हैं तो इसका केंन्द्र गरीब,दिहाड़ीदार रेहड़ी और फड़ी वालों के खिलाफ निगम का पीला पंजा चलता हैं। क्या निगम और पुलिस को दुकानों के बाहर दुकानें लगा खुलेआम सरकारी जमीन पर कब्जे हुए दिखाई नहीं देते हैं? यह सवाल खुद वह मजबूर फगवाड़ावासी पूछ रहे हैं जिनकों रोजाना इन अवैध कब्जों के कारण भारी परेशानियों के दौर से गुजरना पड़ रहा हैं। लेकिन इसकी चिंता भला किसकों हैं? यह तर्क खुद लोग दे रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर जनसमस्या की जमीनी सच्चाई से ट्रैफिक पुलिस फगवाड़ा, नगर निगम फगवाड़ा और स्थानीय सिविल प्रशासन भली-भांति वाकिफ है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। कुछ समय पहले एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा द्वारा स्थानीय फगवाड़ा पुलिस को शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचांरू रखने के लिए सख्त आदेश जारी किए गए थे। वहीं, एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा द्वारा भी अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए एक प्रशंसनीय और प्रभावी पहल की गई थी। परंतु, समय बीतने के साथ-साथ पुलिस व प्रशासन की वह सख्ती अब कहीं दिखाई नहीं दे रही है और उच्चाधिकारियों के आदेशों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

प्रशासन की इस ढुलमुल नीति से तंग आकर अब फगवाड़ा की जनता सीधे नगर निगम के मेयर रामपाल उप्पल से तीखें सवाल करने को मजबूर हो रही है। लोगों का पूछना है कि आखिर निगम द्वारा खुलेआम अवैध अतिक्रमण करने वाले इन शातिर लोगों को सरकारी जमीनें मुक्त करने के लिए और कितनी अपीलें की जानी बाकी हैं? जनता पूछ रही है कि"और कितनी अपीलें जारी करोगें मेयर साहिब?" आखिर वो कौन सा दिन होगा जब फगवाड़ा के बाजार हकीकत में इन अवैध कब्जाधारियों से मुक्त होंगे? क्या यह कभी होगा भी?

अब नहीं मिलेगी और मोहलत, कानूनी एक्शन के लिए रहें तैयार: मेयर रामपाल उप्पल 

इस पूरे गंभीर मामले और जनता के तीखे सवालों को लेकर जब नगर निगम के मेयर रामपाल उप्पल से बात की गई तो उन्होंने सख्त लहजा अपनाते हुए निगम का पक्ष स्पष्ट किया। मेयर रामपाल उप्पल ने कहा कि शहर को सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इसके लिए अब कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। मेयर उप्पल से जब यह पूछा गया कि निगम द्वारा हजारों रूपए खर्च कर पूरे शहर में पीली लाइने लगाई गई थी? उसका क्या बना हैं? यदि निगम ने कुछ करना ही नहीं था तो फिर सरकारी खर्च कर यह क्यों लगवाई गई हैं? इसका क्या फायदा? इस पर मेयर रामपाल उप्पल ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि

"अतिक्रमणकारियों को नगर निगम की तरफ से यह अबकी बार की आखिरी अपील जारी की गई हैं। संबंधित लोग, दुकानदार और जो भी सरकारी जमीनों पर अ‍वैध कब्जे करने के आदी हो चुके हैं वह तंग बाजारों, बंगा रोड, सिनेमा रोड आदि व्यस्त इलाकों से खुद ही अपने अवैध कब्जों को तुरंत हटा लें। यदि इस आखिरी चेतावनी के बाद भी किसी ने सरकारी जमीन को खाली नहीं किया तो वे भारी जुर्माने, कड़ी कानूनी कार्रवाई और निगम द्वारा किए जाने वाले सख्त एक्शन के लिए पूरी तरह तैयार रहें। अब किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।"

लोकल पुलिस को मुहिम में किया जा रहा है शामिल 

मेयर उप्पल ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इस बार अतिक्रमण विरोधी मुहिम को केवल नोटिसों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे पूरी तरह अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जनहित की मुहिम को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए नगर निगम द्वारा स्थानीय फगवाड़ा पुलिस को भी सीधे तौर पर शामिल किया जा रहा है। निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीमें बहुत जल्द बाजारों में उतरेंगी और जो भी कानून का उल्लंघन करता पाया जाएगा, उसका सामान जब्त करने के साथ-साथ कानूनी मामला भी दर्ज करवाया जाएगा। मेयर ने उम्मीद जताई कि शहरवासी और दुकानदार फगवाड़ा के विकास और सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था में निगम का सहयोग करेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News