अहम खबरः PGI में आयुष्मान स्कीम के तहत पंजाब के मरीजों का मुफ्त इलाज शुरू

punjabkesari.in Saturday, Aug 06, 2022 - 11:48 AM (IST)

चंडीगढ़ (पाल):  पी.जी.आई. ने 4 दिनों बाद एक बार फिर पंजाब के मरीजों के लिए आयुष्मान भारत स्कीम के तहत स्वास्थ्य लाभ देना शुरू कर दिया है। पी.जी.आई. ने यह कदम मरीजों के स्वास्थ्य हित में उठाया है। 

पी.जी.आई. डिप्टी डॉयरैक्टर कुमार गौरव धवन के मुताबिक पी.जी.आई. ने यह फैसला प्रधानमंत्री और कैंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री दफ्तर से आए आदेशों के तहत लिया है। वहीं इस बीच पंजाब के स्वास्थ्य सचिव की ओर से कहा गया है कि आने वाले कुछ दिनों से भुगतान क्लीयर कर दिए जाएंगे। पी.जी.आई. ने कहा है कि उनके लिए मरीजों की सेवा सबसे ऊपर है। 2 दिन पहले पी.जी.आई. को स्कीम के तहत पंजाब के मरीजों के लिए स्वास्थ्य लाभ रोकना पड़ा था। पंजाब सरकार ने स्कीम के तहत मरीजों के लिए लाभ का 15 करोड़ रुपए बकाया पी.जी.आई. को नहीं चुकाया था। इससे मरीजों को 4 दिनों में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा था। 

अन्य 2 अस्पतालों में भी सर्विस जल्द 
हैल्ट सैक्रेटरी यशपाल गर्ग के मुताबिक सोमवार से शहर के दूसरे अस्पताल जी.एम.एस.एच. और जी.एम.सी.एच. में भी पंजाब के मरीजों का इलाज एक बार फिर आयुष्मान भारत स्कीम के तहत शुरू हो जाएगां। जहां तक भुगतान का सवाल है तो अगले 15 दिन में इसका स्टेटस देखा जाएगा। जी.एम.एस.एच. ने एक हफ्ते पहले पंजाब के मरीजों का इलाज बंद कर दिया था। उनका पंजाब सरकार पर 3 करोड़ का बकाया था। 

Content Writer

Vatika