जालंधर में दिल दहला देने वाली वारदात, बुजुर्ग महिला को दूर तक घसीटते ले गए लुटेरे

punjabkesari.in Friday, Apr 19, 2024 - 02:39 PM (IST)

जालंधर : जालंधर के मोता सिंह नगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दो लुटेरों ने एक बुजुर्ग महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से बेखौफ लुटेरों ने बुजुर्ग महिला से पर्स छीन लिया। इतना ही नहीं जब बुजुर्ग महिला ने अपना पर्स नहीं छोड़ा तो लुटेरे उक्त महिला को काफी दूर तक घसीटते ले गए। इसी बीच लुटेरों ने महिला का पर्स छीन लिया और भाग निकले। लुटेरों की यह घटना सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई। रौंगटे खड़े कर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। इस बीच गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन उक्त महिला घायल हो गई। उक्त महिला ने बताया कि उसके पर्स में नकदी, बैंक पासबुक व अन्य सामान थे। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है।

पीड़िता ने बताया कि उसकी कॉलोनी में ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं। स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। शाम होते ही कॉलोनी में अंधेरा छा जाता है। उन्होंने कहा कि उनकी उम्र लगभग 70 साल हो गई है लेकिन ऐसा समय उन्होंने पहली बार देखा है कि कोई भी महिला अपनी ही कॉलोनी में सुरक्षित नहीं है। उन्होंने बताया कि वह कल शाम बाजार से घर जा रही थी तभी पीछे से किसी ने उसका पर्स झपट लिया। जब पर्स नहीं छूटा तो स्कूटर चला रहे लुटेरों ने रेस बढ़ा दी और करीब 20 मीटर की दूरी तक घसीटते ले गए। इसी दौरान एक कार की लाइट उन पर पड़ी तो कॉलोनी में पता चला कि लुटेरों ने एक वृद्धा से लूटपाट की है। कॉलोनी के लोगों ने पानी पिलाया और घर तक छोड़कर आए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

News Editor

Urmila