शहर में दिन-दिहाड़े वारदात, CCTV में कैद हुए आरोपी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 12, 2025 - 01:00 PM (IST)

बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि) : शहर में दिन-दिहाड़े हुई लूट की एक वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 2 अज्ञात बाइक सवारों ने एक महिला का पर्स छीनकर फरार हो गए। यह घटना विजिट होटल के पीछे वाली गली में हुई और आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपने 2 अन्य परिचितों के साथ कहीं जा रही थी।

crime

जैसे ही वह होटल के पीछे वाली गली में पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आए 2 बाइक सवारों ने अचानक उसका पर्स झपट लिया और तेजी से मौके से फरार हो गए। महिला ने साहस दिखाते हुए उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी भागने में सफल हो गए। इस संबंध में सिटी पुलिस स्टेशन-1 के कर्मचारी ने बताया कि उन्हें अशोक कुमार निवासी बरनाला की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत में बताया गया कि पीड़िता अशोक कुमार की नजदीकी रिश्तेदार हैं।

घटना के समय तीनों महिलाएं एक साथ पैदल जा रही थीं, तभी यह लूटपाट हुई। संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने सी.सी.टी.वी. फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और आसपास के इलाकों में चैकिंग बढ़ा दी गई है।

स्थानीय लोगों ने इस वारदात पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में आए दिन हो रही इस तरह की घटनाएं लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। उनका कहना है कि पुलिस को न सिर्फ पैट्रोलिंग बढ़ानी चाहिए, बल्कि ऐसे संवेदनशील इलाकों में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम भी करने चाहिए। पुलिस ने अपील की है कि अगर किसी के पास इस वारदात से संबंधित कोई भी जानकारी है, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News