Ludhiana के सराफा बाजार में दिनदहाड़े वारदात, CCTV में कैद हुआ पूरा मंजर
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 03:21 PM (IST)
लुधियाना (राकेश मोदगिल): चौड़ा बाजार स्थित सराफा बाजार में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां न्यू आतम ज्वैलर्स नाम की दुकान से एक शातिर युवक सोने के कीमती आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गया। दुकान के मालिक आतम प्रकाश पासीन ने घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह युवक ने उन्हें अपनी बातों में उलझाया और झांसा देकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
दुकान के मालिक आतम प्रकाश पासीन के अनुसार, वह लड़का कल सोमवार दोपहर के समय उनकी दुकान पर आया था। उसने आकर कहा कि उसे एक सोने की कैंठी, एक जोड़ी झुमकी और कैंठी के साथ मैचिंग कान के कांटों का पूरा सेट खरीदना है। कल उसने काफी देर तक सामान देखा और फिर यह कहकर चला गया कि वह आज नहीं ले जा सकता और इन्हें खरीदने के लिए कल दोबारा आएगा।
दुकान के मालिक आतम प्रकाश ने बताया कि आज सुबह करीब 11:35 बजे वह लड़का दोबारा दुकान पर आया। आतम प्रकाश उस समय नाश्ता करके अभी घर से दुकान पर पहुंचे ही थे और दुकान पर बैठकर कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे। उन्होंने सभ्यता के नाते उस लड़के को भी कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए पूछ लिया तो उसने मना कर दिया। इसके बाद शातिर लड़के ने दुकान पर काम करने वाले लड़के को बाहर दुकान से कोल्ड ड्रिंक का कैन लाने के लिए भेज दिया। जब वह लड़का कैन लेकर वापस आया तो आरोपी ने दोबारा बहाना बनाया और कहा कि क्या साथ में कोई नमकीन नहीं लाए? इसके बाद उसने 200 का नोट देकर दुकान पर काम करने वाले लड़के को दोबारा नमकीन लेने के लिए बाहर भेज दिया।
दुकान मालिक ने जैसे ही वह सारा सामान एक कैंठी, एक जोड़ी झुमकी और सेट के साथ के कांटे लड़के के आगे टेबल पर रखा जिसे उसने कल पसंद किया था वह उसे देखने लगा। नमकीन लेने के बहाने दुकान के लड़के को बाहर भेजने के बाद आरोपी युवक ने एक-दो बार उठने-बैठने का नाटक किया। दुकान मालिक ने उसे आराम से बैठने को भी कहा। लेकिन जैसे ही उसे मौका मिला उसने पलक झपकते ही टेबल पर रखा सारा सोने का सामान समेटा और दुकान से बाहर की तरफ भागा। आतम प्रकाश ने उसे रोकने की कोशिश की और उसके पीछे भी भागे लेकिन वह फुर्ती से वहां से फरार हो गया।
पीड़ित आतम प्रकाश पासीन ने बताया कि चोरी गए सोने के आभूषणों का वजन लगभग साढ़े 4 से 5 तोले था जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 7 से 8 लाख रुपये है। घटना के बाद पुलिस को इस चोरी की सूचना दे दी गई है। दुकान के भीतर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था जिसकी पूरी फुटेज पुलिस को मौके पर मिल गई है। पुलिस अब इस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मौके पर जांच कर रही है ताकि आरोपी युवक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

