पटियाला में 9वीं कक्षा के छात्र की ह/त्या, तेजधार हथियारों से हमला कर उतारा मौ/त के घाट
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 03:01 PM (IST)
पटियाला (सुखमीत सिंह) : पटियाला से इस समय की बड़ी खबर सामने आ रही है। पटियाला के रंजीत नगर के सियोना चौक पर देर रात एक 16 साल के लड़के की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। मरने वाले लड़के की पहचान तनवीर के तौर पर हुई है, जो 9वीं क्लास में पढ़ता था। परिवार ने उसके पड़ोसियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, रंजीत नगर के सियोना चौक पर देर रात तनवीर पर तेजधारदार हथियारों से हमला किया गया, जिस दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मरने वाले लड़के के शव को कब्जे में लेकर पटियाला के राजिंदरा हॉस्पिटल के मुर्दाघर में रखवा दिया है।
मृतक तनवीर की मां ने आरोप लगाया कि उसके बेटे को पड़ोसियों ने गुंडे बुलाकर मरवाया है। परिवार के मुताबिक, करीब दो साल पहले तनवीर का स्कूल में किसी से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद थाने में समझौता हो गया था। परिवार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते देर रात उनके बेटे की हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, परिवार का आरोप है कि वह ड्रग डीलर और ड्रग स्मगलर भी है।
पुलिस ने कहा कि मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस घटना में शामिल लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है। पुलिस ने यह भी कहा है कि वे परिवार को पूरा न्याय दिलाएंगे। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और 16 साल के तनवीर की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी और इस घटना में कौन शामिल है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

