पंजाब में ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक! आज कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट
punjabkesari.in Saturday, Sep 06, 2025 - 10:49 AM (IST)

जालंधर (पुनीत): जम्मू-फिरोजपुर रूट की विभिन्न ट्रेनें रद्द करनी पड़ रही है जोकि यात्रियों के लिए दिक्कतों का कारण बन रहा है, वहीं ट्रेनों की देरी का क्रम भी बदस्तुर जारी है। इसी क्रम में आज वंदे भारत सहित आम्रपाली जैसी ट्रेनें 3 से साढ़े 4 घंटे की देरी से पहुंची। इसी क्रम में 6 सितम्बर को जालंधर सिटी व कैंट स्टेशन से संबंधित विभिन्न ट्रेनें रद्द की गई है, जबकि कईयों के रूटों को डायवर्ट किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मक्खू-गिदड़पिंडी रेलवे स्टेशनों के बीच पुल संख्या-84 पर पानी का स्तर खतरे के निशान को पार करने के चलते कई ट्रेनों को रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट तथा डाइवर्ट करने का निर्णय लिया है।
6 सितम्बर को जालंधर सिटी से फिरोजपुर जाने वाली 74939 और फिरोजपुर से जालंधर सिटी आने वाली 74932 ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 74931, 74934, 74935, 74936, 74937 जैसी कई ट्रेनों को लोहियां कलां से शॉर्ट टर्मिनेट/शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है। वहीं 74933, 54644, 74938 और 54643 ट्रेनों को मक्खू से शॉर्ट टर्मिनेट/ओरिजिनेट किया।
फिरोजपुर से धनबाद जाने वाली 13308 और धनबाद से फिरोजपुर आने वाली 13307 ट्रेन का मार्ग भी बदला गया है। ये ट्रेनें अब मोगा-लुधियाना होकर चलेंगी। इसके अलावा जालंधर से होशियारपुर जाने वाली 54638 ट्रेन 100 मिनट की देरी से चलेगी, जबकि 54637 (जालंधर) की सेवा बहाल कर दी गई है। अमृतसर से डेरा बाबा नानक रूट पर पानी भर जाने के कारण भी कई ट्रेनें प्रभावित रही हैं। इसी क्रम में 6 सितम्बर को 74651, 74652, 74653, 74654, 74655, 74656, 74657 और 74658 ट्रेनों को हरदोवाल से शॉर्ट टर्मिनेट व शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है।
देरी के क्रम में दिल्ली से 55 मिनट की देरी से रि-शैड्यूल हुई वंदे भारत 22487 जालंधर के अपने निधार्रित समय शाम 7.24 से 3 घंटे लेट रहते हुए 10.20 पर कैंट स्टेशन पहुंची। वहीं, आम्रपाली एक्सप्रैस 15707 अपने निधार्रित समय सुबह साढ़े 10 से साढ़े 4 घंटे लेट रहते हुए दोपहर 3 बजे के बाद सिटी स्टेशन पर पहुंची। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या स्टेशन से जानकारी अवश्य लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here