LPU मामले में इंफ्लुएंसर जेम्स दहिया की वीडियो आई सामने! खोले कई राज
punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 03:28 PM (IST)
पंजाब डेस्कः फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने हिंसा भड़काने, अफवाहें फैलाने और सरकारी वाहनों को आग लगाने के आरोप में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इंफ्लुएंसर जेम्स दहिया की वीडियो सामने आई
मामले की जांच के दौरान हरियाणा के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर जेम्स दहिया की एक वीडियो सामने आई थी। इसमें वह हिंसा के दौरान सिगरेट पीते और धुआं उड़ाते नजर आ रहा था। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। वहीं गिरफ्तारी से पहले अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो पोस्ट कर जेम्स ने कहा कि उसने जो भी किया है, वह सब निस्वार्थ भाव से किया। हालांकि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि लाठीचार्ज के बाद उसने जोश में आकर पुलिस की गाड़ी पलट दी थी।
जम्मू-कश्मीर में इंफ्लुएंसर मोहम्मद फरहत की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने और पुलिस की गाड़ियों में आग लगाने के मामले में इंफ्लुएंसर मोहम्मद फरहत देव और जेम्स दहिया की कथित भूमिका थी। पुलिस की एक टीम फरहत को गिरफ्तार करने के लिए जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ पहुंची है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों साहिल और अंतरिक्ष ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि वे फरहत के साथ हिंसा में शामिल हुए थे।

