रिश्वतखोरी के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, इंस्पेक्टर रंगे हाथ गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 05:04 PM (IST)

बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): पंजाब सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस ब्यूरो बरनाला ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सहकारी समितियों (कोऑपरेटिव सोसायटी) के एक इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो बरनाला के इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान हर्ष बांसल के रूप में हुई है, जो कोऑपरेटिव सोसायटी में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है।

विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार शिकायतकर्ता जंग सिंह ने विजिलेंस ब्यूरो को लिखित शिकायत देकर बताया कि उसके खिलाफ चल रही एक विभागीय जांच इंस्पेक्टर हर्ष बांसल के पास लंबित थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच रिपोर्ट उसके पक्ष में लगाने और मामले को रफा-दफा करने के बदले इंस्पेक्टर ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। काफी मिन्नतों के बाद आरोपी 50 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया।

शिकायत के आधार पर विजिलेंस ब्यूरो बरनाला की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। सरकारी गवाहों की मौजूदगी में विजिलेंस टीम ने बरनाला के फरवाही बाजार में छापेमारी की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी हर्ष बांसल को 500-500 रुपये के नोटों के रूप में 50 हजार रुपये की रिश्वत दी, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। विजिलेंस विभाग ने आम जनता और मीडिया से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी तुरंत सूचना विजिलेंस ब्यूरो बरनाला को दें, ताकि भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त किया जा सके।

विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को शुक्रवार को माननीय अदालत में पेश कर उसका रिमांड हासिल किया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इस मामले में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल है या नहीं। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में फिलहाल आरोपी अकेला ही सामने आया है, लेकिन आगे की पूछताछ में कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News