इंस्टाग्राम लवर की घिनौनी करतूत: पहले शादीशुदा महिला को अपने जाल में फंसाया और फिर...
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 02:56 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं और युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका शोषण करने वाले डिजिटल रोमियो के हौसले बुलंद हैं। ऐसा ही एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक शातिर युवक ने पहले से शादीशुदा महिला को अपने जाल में फंसाया। आरोपी ने पीड़ित महिला को शादी का झांसा देकर अलग-अलग जगहों और अलग-अलग समय पर उसका जमकर शारीरिक शोषण किया। जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और अब उसकी गुप्त व अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की खौफनाक धमकियां दे रहा है। थाना सदर की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रायकोट के गांव चक्क भाइका के आरोपी गुरदीप सिंह के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को अपने बयानों में बताया कि उसका अपने पति के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है, जिसका केस माननीय अदालत में विचाराधीन है। पति से अनबन के चलते वह पिछले काफी समय से अपने माता-पिता के घर में रह रही थी। इसी अकेलेपन के दौरान उसकी इंस्टाग्राम पर गुरदीप सिंह के साथ दोस्ती हो गई। आरोपी ने मीठी-मीठी बातें करके पहले पीड़ित का भरोसा जीता और फिर उसके सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी को अच्छी तरह पता था कि उसका पति के साथ केस चल रहा है। उसने सहानुभूति का नाटक करते हुए कहा कि जैसे ही उसका तलाक होगा, वह उससे शादी कर उसे अपनी पत्नी बनाएगा। इस झांसे में आकर पीड़ित उसके झांसे में आ गई। इसके बाद आरोपी ने उसे अलग-अलग तारीखों पर अलग-अलग जगहों पर बुलाया और शादी का ढोंग रचकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब उस ने आरोपी पर शादी करने और अपने घर ले जाने का दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी के सिर से प्यार का भूत उतर गया और उसने अपना असली रंग दिखा दिया। आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और पीड़िता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
हद तो तब हो गई जब आरोपी ने पीड़िता को चुप रहने के लिए मजबूर करने की नीयत से धमकी दी कि उसके पास पीड़िता की कुछ बेहद निजी और अश्लील तस्वीरें हैं। आरोपी ने धमकाया है कि अगर तुमने पुलिस में शिकायत की या शादी के लिए दबाव बनाया, तो मैं ये सारी तस्वीरें इंटरनेट और इंस्टाग्राम पर वायरल कर समाज में तुझे बदनाम कर दूंगा। इस मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और अपने माता-पिता के साथ जाकर पुलिस कमिश्नर दफ्तर में इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस ने पीड़िता के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत ब्लैकमेलिंग की संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स ट्रेस किए जा रहे हैं। आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

