अमृतसर में ISI का जासूस गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Mar 15, 2019 - 12:04 PM (IST)

अमृतसर (संजीव): पंजाब की खुफिया एजैंसी स्टेट स्पैशल ऑप्रेशन सैल ने आज ब्यास छावनी के समीप से पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. के लिए जासूसी करने वाले राम कुमार निवासी फाजिल्का को गिरफ्तार किया है जिसके कब्जे से भारतीय सेना के गुप्त दस्तावेजों के अतिरिक्त गोपनीय मैन्युअल बरामद हुए। 

यह जासूस एम.ई.एस. (मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस) में इलैक्ट्रीशियन के पद पर काम कर रहा था और इसकी आड़ में जालंधर व ब्यास छावनी में होने वाली भारतीय सेना की सभी गतिविधियों को पाकिस्तान भेजता था। पुलिस ने उक्त जासूस के विरुद्ध केस दर्ज कर उसे अदालत के निर्देशों पर 19 मार्च तक जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है। उसकी गिरफ्तारी का पूरा ऑप्रेशन स्टेट स्पैशल सैल के ए.आई.जी. सुखमिन्द्र सिंह मान की अध्यक्षता में डी.एस.पी. हरविन्द्रपाल सिंह व डी.एस.पी. गुरिन्द्रपाल सिंह नागरा ने किया।

पुलिस को यह इनपुट थी कि राम कुमार भारतीय सेना की गुप्त जानकारियां पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. को भेज रहा है। 2013 से राम कुमार पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था और जम्मू-कश्मीर के पुलवामा शहर में हुए विस्फोट के बाद राम कुमार से पंजाब में भारतीय सेना की हिलजुल व उनकी गतिविधियों की जानकारी मंगवाई जा रही थी। भारत-पाक सीमा पर होने वाली सेना की हर गतिविधि को राम कुमार पाकिस्तान भेज रहा था। राम कुमार से बरामद मोबाइल फोन की फोरैंसिक जांच शुरू कर दी गई है। उसके बैंक खातों से सामने आया है कि उसे भारी रकम भी ट्रांसफर की जा रही थी। पूछताछ में राम कुमार ने माना कि उसने भारतीय सेना की कई जानकारियां पिछले कुछ समय से पाकिस्तान को भेजी हैं और वह हर शहर में तैनात ब्रिगेड व यूनिटों के बारे में जानकारी मुहैया करवा रहा था। इसके अतिरिक्त राम कुमार भारतीय सेना के अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी आई.एस.आई. के अधिकारियों को देता था। पुलिस रिमांड के दौरान राम कुमार से अब आर्मी इंटैलीजैंस, रॉ, बी.एस.एफ. व अन्य खुफिया एजैंसियां पूछताछ करेंगी। 

Vatika