लुधियाना जेल कांडः जेल मंत्री का घेराव, माहौल खराब करने के लिए 20 कैदियों पर केस दर्ज

punjabkesari.in Friday, Jun 28, 2019 - 01:39 PM (IST)

लुधियाना (स्याल): लुधियाना केंद्रीय जेल में हुई झड़प के बाद शुक्रवार को 20 कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जेल सुपरिटेंडेंट की शिकायत पर शहर के डिवीजन नंबर 7 थाने में इन कैदियों के खिलाफ जेल का माहौल खराब करने के लिए अलग-अलग धाराएं लगाई गई है। इस बीच जेल में घायल हुए कैदियों और पुलिस कर्मियों का हाल जानने के लिए  सिविल अस्पताल पहुंचे जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा का लोगों ने घेराव किया और जेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 


सिविल अस्पताल में हालात तनावपूर्ण
इस मौके पर जेल अधिकारियों के खिलाफ लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों की तरफ से जेल अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की गई। वहीं सिविल अस्पताल में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। 


क्या है मामला
गत दिवस ताजपुर रोड सैंट्रल जेल में नशा तस्करी के आरोप में बंद हवालाती सन्नी सूद की मौत के बाद गुरुवार सुबह उग्र बंदियों व पुलिस में खूनी झड़प हो गई। बंदियों ने बैरकों से बाहर आकर जेल अधिकारियों, कर्मचारियों पर पथराव करना शुरू कर दिया। इस बीच ए.सी.पी. संदीप वढेरा के सिर पर पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए जिनको सी.एम.सी. अस्पताल भेजा गया। इस घटना में जेल का डी.एस.पी. सिक्योरिटी व एक एस.एच.ओ. भी घायल हुआ है और एक बंदी की मौत हो गई जबकि जबकि 4 घायल हो गए। 

Vatika