तेल की कीमतों में बढ़ौतरी के विरुद्ध प्रोटैस्ट करने हेतु जाखड़ ने चलाया ट्रैक्टर(Video)

punjabkesari.in Sunday, Jun 10, 2018 - 10:41 AM (IST)

जालंधर/पटियाला(धवन, राजेश): तेल की कीमतों में बढ़ौतरी के विरुद्ध प्रोटैस्ट करने के लिए आज पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने साइकिल के बाद ट्रैक्टर चलाया। पंजाब कांग्रेस ने राज्यभर में तेल कीमतों के विरुद्ध अपना अभियान छेड़ा हुआ है जिसके तहत 3 चरणों में आंदोलन सम्पन्न हो चुका है। कांग्रेसियों द्वारा केंद्र की मोदी सरकार के विरुद्ध ऊंची तेल कीमतों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।

जाखड़ ने  खरड़ से राजपुरा तक विभिन्न चरणों में ट्रैक्टर चलाकर किसानों को महंगे डीजल के कारण पेश आ रही समस्याओं को उजागर करने का प्रयास किया। ट्रैक्टर पर बैठ कर प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेसी विधायक हरदयाल सिंह कम्बोज, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव, पंजाब अध्यक्ष अमरप्रीत लाली, मदन लाल ठेकेदार, दीपेन्द्र ढिल्लों व हैरी मान भी शामिल थे।
 

उन्होंने कहा कि 4 वर्ष पूर्व जब भाजपा ने लोगों को लोकसभा चुनाव के समय अच्छे दिन दिखाने का वायदा किया था परंतु अब लोग स्वयं भाजपा के हाथों ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। मनमोहन सिंह वास्तव में गरीबों के प्रधानमंत्री थे जबकि मोदी केवल पूंजीपतियों के प्रधानमंत्री बन कर रह गए हैं। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जाखड़ जब ट्रैक्टर चला रहे थे तो कांग्रेस कार्यकत्र्ता मोदी सरकार के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे थे।जाखड़ ने 25 कि.मी. तक ट्रैक्टर चला कर केंद्र सरकार की आंखें खोलने की कोशिशें कीं तथा कहा कि कांग्रेस ने 10 वर्षों तक मनमोहन सिंह के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें ऊंची होने के बावजूद देशवासियों पर ज्यादा बोझ नहीं डाला था।

swetha