जलालाबाद पुलिस स्टेशन में हुए धमाके पर नया अपडेट, DIG ने किया पूरा खुलासा

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 05:37 PM (IST)

जलालाबाद (सुनील नागपाल): पंजाब के फाजिल्का जिले के जलालाबाद सिटी थाने पर हैंड ग्रेनेड फेंककर धमाका करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चंद पैसों के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया।

पंजाब पुलिस के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि बीते दिन जलालाबाद सिटी थाने में धमाका हुआ था। इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन थाने के अंदर खड़ी दो पुरानी कारों के शीशे टूट गए थे। शुरुआत में इसे सामान्य धमाका माना जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि थाने पर हैंड ग्रेनेड फेंका गया था।

मामले में फाजिल्का पुलिस के एसएसपी गगन अजीत सिंह की अध्यक्षता में कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह पुत्र गुरबख्श सिंह निवासी गांव हजारा राम सिंह वाला और मनप्रीत सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी घुबाया के रूप में हुई है।

डीआईजी के मुताबिक, इस मामले में कुल पांच लोगों की संलिप्तता की आशंका है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस ने उन लोगों की भी पहचान कर ली है, जिन्होंने आरोपियों को हैंड ग्रेनेड उपलब्ध करवाया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पैदल सिटी थाने के पास पहुंचे थे और हैंड ग्रेनेड फेंकने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस को वारदात से जुड़े कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

डीआईजी ने बताया कि आरोपियों को इस वारदात को अंजाम देने के लिए चंद पैसों का लालच दिया गया था, हालांकि अभी तक उन्हें कोई पैसा दिया भी नहीं गया था। पुलिस के अनुसार, दहशत फैलाने के मकसद से इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि उनसे पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। मामले की जांच लगातार जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News