Jalandhar में तेज रफ्तार Scorpio का कहर, महिला-बच्ची को कुचला, CCTV में कैद हादसा

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 09:39 AM (IST)

जालंधर(सोनू): मुस्लिम कॉलोनी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला और बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार, महिला सब्जी खरीदने के लिए मार्केट आई थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वहां से गुजर रही थी और उसके पीछे फॉर्च्यूनर कार भी आ रही थी। पीड़ित महिला के ससुर मोहिंदर सिंह के मुताबिक, दोनों वाहनों के बीच तेज रफ्तार में पीछा चल रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी उनकी बहू व बच्ची को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। वहीं, लोगों की भीड़ जुटने पर स्कॉर्पियो चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही थाना रामामंडी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया। जांच अधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के जरिए मुस्लिम कॉलोनी में महिला के कार की चपेट में आने की सूचना मिली थी। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika