हल्की बारिश से जालंधर के AQI में सुधार, लोगों ने ली राहत भरी सांस

punjabkesari.in Sunday, Jun 17, 2018 - 07:51 AM (IST)

जालंधर(रविंदर): पंजाब की हवा में एयर क्वालिटी इंडैक्स अब कम हो गया है।बारिश के बाद जालंधर में एयर क्वालिटी इंडैक्स 57 दर्ज किया गया है। लोगों ने अपने जीवनकाल में धूल भरी आंधी तो कई बार देखी होगी, मगर धूल भरी बारिश पहली बार देखी। राजस्थान के मरुस्थल से उड़ी धूल से उत्तर भारत में प्रदूषित वातावरण के कारण पिछले 72 घंटों से पंजाब के लोगों का जीना मुहाल था। शनिवार रात को हुई हल्की बारिश के बाद वातावरण में जमी धूल इस तरह नीचे गिरी कि लोगों ने पहली बार धूल भरी बारिश देखी। सड़कों पर पानी कम और मिट्टी की परत ज्यादा दिखाई दे रही थी। इसे वाहनों की रूपरेखा ही बदली सी नजर आ रही थी। पूरा दिन हल्की बारिश होती रही और धूल की परत सड़कों व वाहनों पर जमती रही।

बारिश के बाद जालंधर में एयर क्वालिटी इंडैक्स 57 दर्ज किया गया। मगर वातावरण में अभी भी धूल की परत जमे होने के कारण लोगों को सांस लेने की तकलीफ से छुटकारा नहीं मिल पाया। बारिश के बाद आसमान से गिरी धूल परत बनकर पेड़-पौधों पर जम गई जिस कारण वातावरण में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो गई। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले 48 घंटे में धूल भरे वातावरण से छुटकारा मिल सकता है। भारी बारिश के बाद ही वातावरण में जमी धूल नीचे गिरेगी और एयर क्वालिटी इंडैक्स सुधर सकेगा।

शुक्रवार को जालंधर का एयर क्वालिटी इंडैक्स इतना बढ़ गया था कि प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड को एडवाइजरी तक जारी करनी पड़ी थी। यह 587 के खतरनाक स्तर पर पहुंच गया था। लोगों का सांस तक लेना दूभर था। देर रात तकरीबन 11.30 बजे जब बारिश हुई तो वातावरण में जमी धूल की परत भी नीचे गिरने लगी और रात 12.30 बजे के करीब एयर क्वालिटी इंडैक्स 124 तक पहुंच गया था। बारिश के बंद होते ही शनिवार को फिर एयर क्वालिटी इंडैक्स 277 पर पहुंच गया।

Anjna