बड़ी वारदात, जालंधर में दो पक्षों में झड़प दौरान चली गोलियां, फैली दहशत
punjabkesari.in Sunday, Feb 16, 2025 - 09:47 PM (IST)
जालंधर : मकसूदां फ्लाइओवर के नीचे दो पक्षों में रविवार शाम को खूनी झड़प हो गई। विवाद दौरान दोनों तरफ से कार सवार युवकों के पास तेजधार हथियार और पिस्टल भी थे। मौके पर मौजूद राहगीरों ने बताया कि विवाद दौरान कार चालक पर दूसरे पक्ष की तरफ से गोलियां भी चलाई गई हैं। उन्होंने वहां पर तीन गोलियां चलने की आवाज सुनी है, इसके बाद वहां पर भगदड़ मच गई। घटना दौरान थार के सारे शीशे टूट गए और दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए। वहीं एक युवक तेजधार हथियारों से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उसके साथियों ने इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया। घायल युवक की पहचान बस्ती गुजां निवासी मनमीत सिंह के रूप में हुई है। वहीं झगड़े की सूचना मिलते ही थाना एक की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घायल युवक के चाचा सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मनमीत सिंह अपने दोस्तों के साथ किसी काम से बाहर गया हुआ था। देर शाम को मनमीत के पिता का फोन आया कि उनके बेटे पर हमला हुआ है। जैसे ही वह अस्पताल पहुंचे तो देखा कि उसे गंभीर चोटे लगी हुई है। उन्होंने बताया कि मनमीत और उसके दोस्तों के मुताबिक मौके पर गोलियां भी चली है। लेकिन झगड़ा किस बात को लेकर हुआ है अभी इस बात की जानकारी नहीं है।
वहीं झगड़े की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना एक के एएसआई साहिब सिंह ने बताया कि उन्हें मकसूदां में झगड़े की सूचना मिली थी। जब वह मौके पर पहुंचे तो पता लगा कि घायल युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले गए है। जहाँ पहुंच कर जांच की तो पता लगा कि घायल युवक का नाम मनमीत सिंह है। जिसे अभी डॉक्टर द्वारा अनफिट बताया गया है इसलिए उसके अभी बयान नहीं हो पाए हैं। गोलियां चलने को लेकर उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष द्वारा बताया जरूर गया है लेकिन अभी मौके पर कोई भी खोल नहीं मिला है।



