CT Campus रेडः मकसूदां ब्लास्ट से पुलिस जोड़ रही है तार

punjabkesari.in Wednesday, Oct 10, 2018 - 12:47 PM (IST)

जालंधर(मृदुल):जालंधर से बुधवार को 4 लड़कों को खतरनाक हथियारों तथा विस्फोटक सामग्री सहित गिरफ्तार करने के बाद इनके तार पुलिस मकसूदां ब्लास्ट से जोड़ रही है।

उल्लेखनीय है कि 14 सितम्बर को जालंधर के भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित थाना मकसूदां में अचानक 4 बम धमाके हुए थे। इसमें एस.एच.ओ. सहित 3 मुलाजिम घायल हो गए।  थाने में हुए बम धमाके के बाद मौके पर पंजाब पुलिस के डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा खुद जांच करने पहुंचे थे। हमले के पीछे आतंकी संगठन के हाथ होने की आशंका  जताई गई थी। इसकी जांच के लिए सुरक्षा एजैंसियां भी पहुंची थी। 


  पुलिस ने 4-5 माह पहले भी बस्ती मिट्ठू से गिरफ्तार किए थे आरोपी  
बस्ती मिट्ठू इलाके से 4-5 माह पहले भी 2 युवकों को दिल्ली की इंटेलिजेंस टीम ने 500 शिक्षण संस्थानों की वैबसाइट हैक करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। फिर से इसी इलाके में एक और युवक के आंतकी गतिविधियों के शामिल होने के चलते पकड़े जाने की सूचना से हड़कंप मच गया है।

सिटी इंस्टीच्यूट में रात के समय की गई थी रेड 
शहर के सिटी इंस्टीच्यूट शाहपुर कैंपस में बुधवार को  अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस, सी.आर्इ.एफ. स्टाफ और जे.एंड.के. की पुलिस ने देर रात रेड कर 3 लड़कों को खतरनाक हथियारों जबकि बस्ती मिट्ठू से चौथे आरोपी को करीब 1 किलो आर.डी.एक्स. जैसी विस्फोटक सामग्री सहित गिरफ्तार किया था। सूत्रों की मानें तो दशहरे में ज्योती चौक जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाके में ब्लास्ट करने की साजिश थी। वहीं अभी तक मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजैंसियों को 7 संदिग्धों का इनपुट था। इनमें से 4 को गिरफ्तार कर लिया गया है,जबकि 3 की तलाश जारी है।  
 

swetha