जालंधर जिमखाना क्लब चुनाव हुआ रोचक, 30 अगस्त को बड़ा मुकाबला

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 10:50 AM (IST)

जालंधर (खुराना): 30 अगस्त को होने जा रहे जालंधर जिमखाना क्लब के चुनाव इस बार काफी रोचक हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों में चुनाव कई निर्णायक मोड़ ले चुके हैं और अब मुकाबला सीधे तौर पर अचीवर्स और प्रोग्रेसिव ग्रुप के बीच नजर आ रहा है। इस बार कुल 23 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 13 उम्मीदवार चुने जाएंगे।

इस बार ऊपरी तीन पदों के लिए चुनाव होना है, क्योंकि ज्वाइंट सेक्रेटरी पोस्ट पर अचीवर्स ग्रुप के हरप्रीत सिंह गोल्डी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अचीवर्स ग्रुप ने सैक्रेटरी पोस्ट के लिए अमित कुकरेजा, वाइस प्रेसिडेंट के लिए धीरज सेठ और कैशियर पोस्ट के लिए सौरभ खुल्लर को मैदान में उतारा है। वहीं प्रोग्रेसिव ग्रुप की ओर से सेक्रेटरी पोस्ट पर रोटेरियन विजय सहदेव, वाइस प्रैजीडैंट पोस्ट पर एडवोकेट दलजीत सिंह छाबड़ा और कैशियर पोस्ट पर इंजीनियर गुरदर्शन सिंह कोचर चुनाव लड़ रहे हैं।

एग्जीक्यूटिव सदस्यों के लिए कुल 16 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 10 का चुनाव होना है। इस बार क्लब में कुल 4078 वोटर हैं। प्रत्येक वोटर को 13 वोट डालने का अधिकार मिलेगा। यदि सभी वोटर अपने सभी वोटों का इस्तेमाल करते हैं तो कुल वोटों की संख्या 53 हजार से भी अधिक पहुंच सकती है।

इस बीच चुनाव प्रचार भी पूरी तरह जोर पकड़ चुका है। वाइस प्रेसिडेंट पोस्ट पर कांटे की टक्कर मानी जा रही है, जबकि सैक्रेटरी पोस्ट का मुकाबला भी त्रिकोणीय हो गया है, क्योंकि माइकल ओहरी आजाद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं। कैशियर पोस्ट पर युवा इंजीनियर गुरदर्शन सिंह कोचर के मैदान में होने से मुकाबला और भी रोचक हो गया है।

सबसे ज्यादा जोर एग्जीक्यूटिव पोस्ट के चुनाव पर दिखाई दे रहा है। इस बार प्रोफेसर विपन झांजी, शालीन जोशी, नितिन बहल, सीए राजीव बंसल, महिंदर सिंह, शालिनी कालड़ा, विन्नी शर्मा धवन और अतुल तलवाड़ सहित कई पुराने उम्मीदवार मैदान में हैं। एम.बी बाली पहले एग्जीक्यूटिव रह चुके हैं और कुछ समय बाद फिर चुनाव मैदान में उतरे हैं।

वहीं नए उम्मीदवारों में रिशु झांजी, एडवोकेट तरनजोत सिंह सिदाना, जुबिन शिंगारी, गगनदीप उप्पल, कैप्टन रमन सिंह, जसदीप सिंह छाबड़ा और मनिंदर सिंह बेदी पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। सभी उम्मीदवारों ने प्रचार तेज कर दिया है और अधिक से अधिक वोटरों से संपर्क कर अपनी जीत के दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में 30 अगस्त को होने वाला जिमखाना क्लब चुनाव किसके पक्ष में जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

अमित कुकरेजा को स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से मिला समर्थन

जालंधर जिमखाना क्लब के चुनावों में अचीवर्स ग्रुप की ओर से सैक्रेटरी पोस्ट के उम्मीदवार अमित कुकरेजा को स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों से भी लगातार समर्थन मिल रहा है। अमित कुकरेजा ख़ुद फर्स्ट क्लास क्रिकेटर रह चुके हैं और पंजाब क्रिकेट में सेलेक्टर की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

स्पोर्ट्स इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने अमित कुकरेजा को अपना समर्थन देने की घोषणा की। इस अवसर पर एस.जी.एम.ई.ए. के पूर्व चेयरमैन अरविंद अबरोल ने भी अमित कुकरेजा को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। खेलों से लंबे समय से जुड़े अमित कुकरेजा जिमखाना क्लब में वन-डे क्रिकेट तथा जी.पी.एल. टूर्नामैंटों के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और स्वयं भी इन प्रतियोगिताओं में खेलते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila