जालंधर हाइट्स की 14वीं मंजिल से पंजाब पुलिस अधिकारी की बेटी ने उठाया खौफनाक कदम! फैली सनसनी

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 11:20 PM (IST)

जालंधर: शहर के जालंधर हाइट्स-2 में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिससे सोसाइटी में सनसनी फैल गई। सोसाइटी के D-ब्लॉक में रहने वाली 24 वर्षीय युवती जैसमीन ने 14वीं मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतका की पहचान जैसमीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह IPS अधिकारी कर्मवीर सिंह चहल की बेटी थी। जैसमीन ने पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स की पढ़ाई की थी। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

PunjabKesari

घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। थाना सदर के सब-इंस्पेक्टर बलकरण ने बताया कि पोस्टमॉर्टम और जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले क्या हुआ था और युवती ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

जानकारी के मुताबिक, जैसमीन अपनी मां के साथ रहती थी। घटना की सूचना उसके पिता को भी दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से मिली जानकारी और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। युवती की मौत के पीछे की असल वजह क्या थी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News