वेट लिफ्टर महिला थानेदार के NRI पति ने लगाया फंदा

punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2019 - 05:47 PM (IST)

जालंधर (महेश): पंजाब पुलिस की वेट लिफ्टर महिला के 34 साल के एन.आर.आई. पति ने पी.ए.पी. स्थित सरकारी क्वार्टर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान नवजोध सिंह पुत्र काबल सिंह निवासी गांव भोरसी, बाबा बकाला, जिला अमृतसर के रूप में हुई है जो कि नवंबर 2018 में इटली से आया था और उसके बाद वह अभी तक दोबारा विदेश नहीं गया था।

मृतक की ए.एस.आई. पत्नी रजवंत कौर ने मामले की जांच कर रहे थाना कैंट के ए.एस.आई. कुलदीप को बताया कि वह रोज की तरह आज सुबह 6 बजे अपने सरकारी क्वार्टर नं-472 नजदीक पी.ए.पी. गेट नं-4 से प्रैक्टिस के लिए ग्राउंड में गई थी। उसके पीछे क्वार्टर में उसका डेढ़ साल का बच्चा और पति नवजोध था। 6:30 बजे उसके पति ने उसको फोन कर पूछा कि कितनी देर में वापिस क्वार्टर आना है। उसके जवाब देने के बाद उसको फोन काट दिया। 

7 बजे जब वह क्वार्टर में पहुंची तो पति का शव पंखे से लटकता देख हैरान रह गई। उस समय उसका डेढ़ साल का बच्चा रो रहा था। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी रजवंत कौर के बयानों पर पुलिस ने 174 की कार्रवाई करते हुए शव को सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक के माता-पिचा द्वारा भी किसी तरह का कोई शक न जताने पर पुलिस ने नवजोध का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Mohit