जालंधर में होटलों और गेस्ट हाउसों की औचक चैकिंग, पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर अभियान तेज

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 10:14 AM (IST)

जालंधर (धवन): शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से नजर रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर सतिंद्र सिंह के निर्देशों पर कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटलों और गैस्ट हाऊसों की अचानक चैकिंग की। पुलिस टीमों ने बिना पूर्व सूचना के होटल एवं गेस्ट हाउसों में पहुंचकर वहां ठहरे लोगों की जानकारी और रिकॉर्ड की जांच की।

चैकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने होटल प्रबंधकों को सभी मेहमानों की पहचान की पुष्टि करने, उनका पूरा रिकॉर्ड एवं रजिस्टर सही तरीके से मेंटेन करने तथा पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि होटल एवं गेस्ट हाउस में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहे, ताकि किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की स्थिति में पुलिस को समय पर जानकारी मिल सके।

पुलिस ने होटल एवं गैस्ट हाऊस संचालकों को विशेष रूप से निर्देश दिए कि बिना उचित पहचान सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को कमरा उपलब्ध न करवाया जाए। होटल कर्मचारियों को भी संदिग्ध व्यक्ति, व्यवहार अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया।

इस दौरान होटल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा उपलब्ध रिकॉर्ड की भी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रबंधकों को स्पष्ट किया कि गेस्ट वैरीफिकेशन और रिकॉर्ड मेंटेनेंस को महज औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हुए पूरी गंभीरता से लागू करें।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस प्रकार के सरप्राइज चैकिंग अभियान का उद्देश्य शहर में आपराधिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना तथा आम नागरिकों और बाहर से आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

कमिश्नरेट पुलिस ने होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों से अपील की कि वे पुलिस प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कमिश्नरेट पुलिस की ओर से कहा गया कि जालंधर को सुरक्षित शहर बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा निरीक्षण और अचानक चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News