पंजाब के इस हाईवे पर सफर करने वाले दें ध्यान! एक महीने के लिए बंद रहेगा ट्रैफिक रूट

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 11:13 AM (IST)

शाहकोट (अरशदीप) : जालंधर-मोगा नेशनल हाईवे पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज की स्लैब क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है। इस निर्णय के चलते अगले लगभग एक महीने तक मलसियां से शाहकोट की ओर आने वाली लेन बंद रहेगी, जबकि जालंधर, नकोदर और मलसियां की ओर से आने वाले वाहनों को दूसरी लेन से होकर गुजरना होगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना शाहकोट के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर अमन सैनी ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ए.पी.एस. नर्सिंग कॉलेज, मलसियां के बाहर हाईवे पर बैरिकेड लगाकर यातायात को डायवर्ट किया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

एन.एच.आई. के ब्रिज इंजीनियर रमणिक सिंह और रैजिडैंट इंजीनियर नवीन दत्त जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रेलवे ओवरब्रिज की स्लैब कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त पाई गई। इसकी सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी जांच टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति का जायजा लेने के बाद यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्ट करने का निर्णय लिया था।

उन्होंने बताया कि पुल की मुरम्मत के लिए ठेकेदार को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और कार्य शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लगभग 30 दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा कर ट्रैफिक को पहले की तरह सुचारु रूप से चालू कर दिया जाएगा। इंजीनियरों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस स्थान पर स्लैब क्षतिग्रस्त हुई है, वह रेलवे की सीमा से बाहर है। इसलिए इसका रेलवे यातायात अथवा रेल संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News