श्वेत मलिक की जुबानी सुनिए मोदी सरकार की उपलब्धियां(Watch video)

punjabkesari.in Tuesday, Jun 12, 2018 - 10:00 AM (IST)

जालंधर (राहुल): केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों व विकास कार्यों से सारा विपक्ष परेशान है। देश की सबसेे बड़ी पार्टी कहलाने वाली कांग्रेस भी अब अपना अस्तित्व बचाने के लिए भाजपा विरोधी दलों के साथ बिना शर्त समझौते कर रही है।

उक्त शब्द भाजपा पंजाब के अध्यक्ष श्वेत मलिक ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहे। मलिक ने कहा कि वर्तमान में युवा देश का कर्णधार है और प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से संतुष्ट है और वह स्वयं जागरूक होकर मोदी सरकार की विकास गाथा को घर-घर तक पहुंचाने के लिए अग्रणी भूमिका निभाएगा।
भारतीय जनता युवा मोर्चा पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष सन्नी शर्मा के नेतृत्व में स्थानीय शहीद भगत सिंह कालोनी से शुरू हुई विशाल मोटरसाइकिल रैली को भाजपा पंजाब के अध्यक्ष श्वेत मलिक व महासचिव राकेश राठौर ने हरी झंडी देकर रवाना किया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष भी चौपहिया वाहन में सवार होकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते नजर आए। उनके साथ कई अन्य सीनियर नेता भी उपस्थित थे। मलिक ने कहा कि कांग्रेस ने आज तक देश को बांटने का ही काम किया है, जबकि भाजपा ने हमेशा विकास व आपसी सौहार्द को वरीयता दी है।
भाजपा के 48 महीने का विकास कांग्रेस के 49 वर्षों के कार्यकाल पर भारी पड़ रहा है। भारत का नाम विश्व पटल पर एक सशक्त देश के रूप में उभरा है। एक तरफ कांग्रेस किसानों के हितों की बात करती है तो दूसरी तरफ पंजाब में कैप्टन सरकार किसानों को थानों में बुलाकर उन्हें अपमानित करती है। अब किसान भी कांग्रेस की दोगली नीति को समझ चुके हैं और उसके बहकावे में आने वाले नहीं हैं। भाजपा प्रदेश महासचिव राकेश राठौर ने कहा कि वर्तमान में युवा वर्ग की सहभागिता से यह स्पष्ट है कि युवा वर्ग 2019 के चुनावों में सक्रिय व सजग भूमिका निभाएगा। जागृत युवा वर्ग की सहभागिता से केंद्र की मोदी सरकार और अधिक मजबूत होकर उभरेगी तथा देश में कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त होगा। विशाल मोटरसाइकिल रैली होटल कंट्री इन परिसर में सम्पन्न हुई। 
विरोधी दल भी हुए सक्रिय
युवा मोर्चा की विशाल मोटरसाइकिल रैली से विरोधी दलों में घबराहट पाई जा रही है। इसका स्पष्ट प्रमाण है कि कई स्थानों पर युवा कार्यकत्र्ताओं को भड़काने का भी प्रयास किया गया परंतु भाजपा नेतृत्व की संजीदगी व सक्रियता के चलते विरोधियों की कोई भी चाल सफल नहीं हो पाई। 

Anjna