जालंधर में पंजाब बंद के बीच हंगामा, सरकारी कर्मचारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 04:19 PM (IST)
जालंधर (सोनू): पंजाब बंद के दौरान जालंधर में उस समय बवाल मच गया, जब प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। जानकारी के अनुसार डिप्टी कमिश्नर (DC) दफ्तर में अलग-अलग विभागों के कर्मचारी इकट्ठा होकर रोष प्रदर्शन कर रहे थे।
इसी बीच कुछ कर्मचारी DC दफ्तर की दीवार फांदकर बाहर निकलने लगे। बाहर पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। कर्मचारी दीवारें फांदकर सड़क पर उतर आए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
DA की मांग को लेकर सामूहिक अवकाश
पंजाब में महंगाई भत्ते (DA) की मांग को लेकर करीब 3 लाख सरकारी कर्मचारी 27 अगस्त को सामूहिक अवकाश पर हैं। कर्मचारियों के एक दिवसीय सामूहिक अवकाश के कारण सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि DA समेत उनकी लंबित मांगों को लेकर सरकार से लगातार बातचीत की जा रही है। सामूहिक अवकाश के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जगह-जगह प्रदर्शन भी किया।

