जसपाल लाडी कत्ल कांड, IG के नेतृत्व वाली नई सिट ने शुरू की जांच

punjabkesari.in Wednesday, May 29, 2019 - 10:11 PM (IST)

फरीदकोट(हाली, राजन): जसपाल लाडी कत्ल कांड के मामले में पंजाब सरकार ने पुरानी सिट की जगह 4 सीनियर अधिकारियों पर आधारित फिरोजपुर के आई.जी. मुखविन्द्र सिंह छीना के नेतृत्व में नई सिट बना दी है, जिसने अपना काम शुरू कर दिया है और पुरानी सिट से इस केस संबंधित सारी फाइल हासिल कर ली है। 

इस सिट में आई.जी. के अलावा श्री मुक्तसर साहिब के एस.एस.पी., फरीदकोट के एस.एस.पी. राजबचन सिंह संधू और एस.पी.एच. भूपिन्द्र सिंह संधू को शामिल किया गया है। सिट प्रमुख आई.जी. छीना ने बताया कि सिट ने पीड़ित परिवार, पकड़े गए पुलिस मुलाजिम और अन्य के बयान लिखित करने शुरू कर दिए हैं और इस संबंधी अपेक्षित सी.सी.टी.वी. फुटेज भी कब्जे में ले ली है। उन्होंने अपनी जांच गांव रत्ती रोड़ी के गुरुद्वारा साहिब से शुरू की है, जहां से जसपाल को गिरफ्तार किया गया था। हर रोज सिट के अधिकारी एस.एस.पी. दफ्तर में बैठेंगे और लोग इस केस संबंधी कोई भी जानकारी उन्हें दे सकते हैं। आई.जी. छीना ने कहा कि एक्शन कमेटी धरना खत्म करके पुलिस को सहयोग दे। सिट प्रमुख ने बताया कि जसपाल की नहर में फैंकी गई लाश को ढूंढने के लिए गोताखोरों को लगाया गया है जिनके साथ पुलिस और पीड़ित परिवार के मैंबर मौजूद हैं। 

एक्शन कमेटी ने रोष मार्च किया रद्द

फरीदकोट पुलिस की हिरासत में मारे गए नौजवान जसपाल सिंह के कातिलों को गिरफ्तार करने और जसपाल सिंह की लाश लेने के लिए पंजाब के हजारों लोगों ने एक्शन कमेटी व पीड़ित परिवार के  नेतृत्व में जिला पुलिस प्रमुख के दफ्तर के सामने रोष धरना दिया। धरने की समाप्ति के बाद एक्शन कमेटी ने कांग्रेस विधायक के घर तक रोष मार्च करना था, परंतु कुछ शरारती तत्वों की संभावी मौजूदगी को देखते हुए एक्शन कमेटी ने रोष मार्च रद्द कर दिया, परन्तु लक्खा सिधाना ने अपने साथियों सहित रोष मार्च शुरू किया, जिसको पुलिस ने कोतवाली के नजदीक रोक लिया। पंजाब में विरोधी पक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा और मंगत राम पासला ने रोष धरने में संबोधित करते हुए कहा कि बेकसूर नौजवान का कत्ल करने के बाद लाश खुर्द-बुर्द कर पुलिस ने अपनी कू्ररता का सबूत दिया है। जसपाल सिंह की लाश मिलने और दोषियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष जारी रहेगा। पुलिस ने विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों के घर की ओर जाते सभी रास्ते बंद करने के साथउसके घर के आसपास सख्त सुरक्षा प्रबंध किए थे।

Vaneet