अस्पताल के लॉकर में रखे लाखों रूपए के गहने चोरी, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, Apr 13, 2021 - 11:46 AM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील): चोरों ने जी.एम.एस.एच. 16 के सीनियर डॉक्टर के हॉस्पिटल के लॉकर में रखे 8 से 10 लाख रुपए के गहने चुरा लिए। मकान शिफ्ट करने के दौरान 21 दिन पहले डॉ. रजनीश ने लाखों की ज्वैलरी हॉस्पिटल में अपने लॉकर में रखी थी। वारदात की सूचना मिलते ही सैक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस जांच में सामने आया कि डॉक्टर के किसी जानकार ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। 

पुलिस का कहना है कि फिलहाल डॉक्टर की ओर से चोरी हुई ज्वैलरी की लिस्ट नहीं दी गई है। लिस्ट मिलने और जांच के बाद ही पुलिस केस दर्ज करेगी।  डॉ. रजनीश ने पुलिस को बताया कि वह जी.एम.एस.एच. 16 में कार्यरत हैं। 21 दिन पहले उन्होंने 10 लाख रुपए के गहने अस्पताल के अंदर अपने लॉकर में रखे थे, क्योंकि वे अपना मकान शिफ्ट कर रहे थे। सभी डॉक्टर्स को अस्पताल के ग्राऊंड फ्लोर पर अपना सामान रखने के लिए अलग-अलग लॉकर दिए गए हैं, जिसमें वह भी ड्यूटी पर अपने साथ लाया हुआ सामान लॉकर में रख देते हैं। शिकायत में डॉ. रजनीश ने बताया कि वह 20 मार्च को सैक्टर-16 हॉस्पिटल में ड्यूटी पर आए हुए थे। इस दौरान उनके पास करीब 8-10 लाख रुपए की ज्वैलरी थी। 

Content Writer

Tania pathak