भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के परिवर्तन के बाद पंजाब में भी हो सकता है बदलाव

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2019 - 09:28 AM (IST)

जालंधर(पवन): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व परिवर्तन के बाद अब पंजाब भाजपा में भी महत्वपूर्ण बदलाव की तैयारी की जा रही है। वर्णनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के गृहमंत्री बनने के बाद पंजाब के पड़ोसी राज्य हिमाचल के जे.पी. नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। जे.पी. नड्डा राष्ट्रीय महामंत्री रहते पंजाब में विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा की सरकार को 2 बार विजयी बनवाकर नया इतिहास रच चुके हैं। 

चुनाव रणनीति बनाने में माहिर नड्डा
श्री नड्डा चुनाव रणनीति बनाने में माहिर हैं।  इसी के चलते उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य का प्रभारी बनाया गया था। उनके नेतृत्व में जहां पार्टी ने गठबंधन सहयोगियों के साथ 64 सीटें जीत कर इतिहास रचा था, वहीं समाजवादी पार्टी को 5 व बहुजन समाज पार्टी को 10 सीटों पर समेट दिया था। उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा के गठबंधन को हराने के बाद नड्डा का कद बढ़ गया, जिसके चलते अमित शाह ने खुद ही उनका भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे संसदीय बोर्ड द्वारा मंजूर कर लिया गया। 

पंजाब की स्थिति से अच्छी तरह अवगत है नड्डा
श्री नड्डा पंजाब विधानसभा चुनाव के समय चुनाव प्रभारी रहते प्रत्येक विधान सभा की स्थिति के बारे में अच्छी-खासी जानकारी रखते हैं। ऐसे में उनके द्वारा प्रदेश भाजपा में कई बदलाव किए जा सकते हैं। पंजाब में भाजपा पिछले विधान सभा चुनाव में 23 में से मात्र 3 सीटों पर सिमट कर रह गई थी तथा अकाली दल को भी करारी हार का सामना करना पड़ा था।

अकाली दल का पंजाब में निरंतर गिर रहा है जनाधार
अकाली दल के पंजाब में निरंतर गिरते जनाधार के कारण भाजपा को भी नुक्सान उठाना पड़ रहा है। लोकसभा चुनाव में भी अकाली दल 10 सीटों में से मात्र 2 सीटों बठिंडा व फिरोजपुर से ही जीत सका जबकि भाजपा पंजाब में 13 सीटों में से मात्र 3 सीटों पर ही चुनाव लड़ी जिनमें से 2 सीटें जीत कर बड़ी सफलता हासिल की। इसमें गुरदासपुर से अभिनेता सन्नी देओल ने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ को पराजित किया जो पूरे देश में चर्चित सीटों में से एक रही। वहीं, होशियारपुर से सोम प्रकाश ने जीत दर्ज की और अब केंद्र में मंत्री बन चुके हैं। सोमप्रकाश पंजाब में दलित नेता के रूप में उभरे हैं। भाजपा को सांपला का टिकट काट कर सोम प्रकाश को देना तरूप का पत्ता साबित हुआ। इससे पहले भी एक बार लोक सभा का चुनाव लड़े और मात्र कुछ सौ वोटों से हार गए थे। वहीं, अमृतसर सीट से हरदीप पुरी को हार का सामना करना पड़ा था जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद श्वेत मलिक शहर के 3 विधानसभा हलकों में से 2 पर भाजपा को बढ़त दिलाने में कामयाब रहे हैं। नड्डा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पंजाब में भी भाजपा मजबूत होगी तथा पार्टी के नेताओं को  अभी से जनता के मुद्दों को हल करवाने के लिए सक्रिय किए जाने की उम्मीद है।

swetha