कंवर संधू की केजरीवाल से मांग, 'AAP' को क्षेत्रीय पार्टी की तरह काम करने दिया जाए

punjabkesari.in Saturday, Mar 17, 2018 - 05:57 PM (IST)

चंडीगढ़: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा पूर्व राजस्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया से माफी मांगे जाने के मुद्दे पर पंजाब की सियासत गरमाई हुई है। इस बीच आम आदमी पार्टी के खरड़ से विधायक कंवर संधू ने अरविंद केजरीवाल को लिखे एक पत्र मांग की है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी को क्षेत्रीय पार्टी की तरह काम करने दिया जाए। उन्होंने कहा कि भगवंत मान और सुखपाल खैहरा को पंजाब से जुड़े मामले में फैसला लेने दिया जाए। ऐसा करने से पार्टी में चल रही परेशानियां खत्म होगी। 

बता दें कि केजरीवाल की तरफ से मजीठिया से माफी मांगे जाने के मामले पर पार्टी में घमासान मचा हुआ है। केजरीवाल के इस कदम के बाद आप सांसद भगवंत मान ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा विधायक अमन अरोड़ा ने उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। साथ ही लोक इंसाफ पार्टी ने आम आदमी पार्टी के साथ पंजाब में गठबंधन तोड़ लिया। केजरीवाल ने पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया पर ड्रग्स तस्करी में सीधे तौर पर शामिल होने का आरोप लगाया था। तब केजरीवाल तथा मजीठिया के बीच इस मुद्दे पर खासा विवाद चला था। इसके बाद मजीठिया ने केजरीवाल के विरूद्ध अदालत में मानहानि का केस दायर किया। इस विवाद के चलते गत दिवस केजरीवाल ने एक पत्र लिखकर मजीठिया से माफी मांग ली थी। 


 

Punjab Kesari