ग्रंथी बनकर रह रहा बब्बर खालसा का आतंकी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 20, 2018 - 05:26 PM (IST)

कपूरथलाः : जिला पुलिस ने आतंकवाद के दौरान 27 वर्ष पहले हुए कत्ल के एक मामले में भगौड़े बब्बर खालसा के पूर्व आतंकवादी और मृतक घोषित रणजीत सिंह को एक गुप्त सूचना मिलने पर गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कत्ल, टाडा एक्ट तथा आम्र्ज एक्ट के 5 मामले दर्ज हैं। 


जिला पुलिस लाइन में एस.एस. पी. संदीप शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि एस.पी.(डी) जगजीत सिंह सरोआ की निगरानी में पी.ओ. स्टाफ कपूरथला के इंचार्ज इंस्पैक्टर सुलक्खन सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान इंस्पै. सुलक्खन सिंह को सूचना मिली कि पूर्व आतंकी रणजीत सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी जगतपुर जट्टां इस समय क्षेत्र में घूम रहा है। इस पर पी.ओ. स्टाफ की पुलिस ने छापामारी कर आतंकी रणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह खालिस्तान टाइगर फोर्स तथा बब्बर खालसा के लिए काम करता रहा है। वर्ष 1985 में उसका संपर्क खतरनाक आतंकियों सतनाम सिंह सत्ता पुत्र हरनाम सिंह गांव पलटावा थाना बंगा, गुरलाल सिंह तथा रणजीत सिंह के साथ हुआ। उसने इन आतंकियों के साथ मिलकर कत्ल की कई वारदातों को अंजाम दिया। 


एस.एस.पी. ने बताया कि उक्त पूर्व आतंकी रणजीत सिंह के खिलाफ 21 मार्च 2013 को थाना माहलपुर की पुलिस ने 25 आम्र्ज एक्ट व 10-11-13 को अनलॉफुल एक्टीविटी एक्ट 1962 के तहत थाना माहलपुर में मामला दर्ज किया था। इस मामले में वह जमानत पर आया था तथा पिछले एक वर्ष से गांव कोहाड़ कलां थाना शाहकोट जिला जालंधर के गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी की ड्यूटी कर रहा था।  इस अवसर पर एस.पी.(डी) जगजीत सिंह सरोआ, पी.ओ. स्टाफ के इंचार्ज इंस्पै. सुलक्खन सिंह तथा थाना सदर फगवाड़ा के इंचार्ज इंस्पै. लखबीर सिंह भी उपस्थित थे।

Punjab Kesari